जयपुर में 10वीं के छात्र से दोस्तों ने करवाई घर में चोरी, फुटेज में देंखे ज्वेलरी हड़पने का आरोप
राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां 10वीं कक्षा के एक नाबालिग छात्र से कथित तौर पर उसके दोस्तों ने उसके ही घर में चोरी करवा दी। आरोप है कि दोस्तों ने पहले उसे किराए की गाड़ी दी और फिर गाड़ी खराब होने का हवाला देकर नुकसान की भरपाई के लिए दबाव बनाया। पैसे नहीं होने पर दोस्तों ने छात्र को अपने ही घर से ज्वेलरी चोरी करने के लिए मजबूर किया।मामले में नाबालिग छात्र के परिजनों ने बुधवार को उसके दोस्तों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गाड़ी टूटने का बहाना बनाकर बनाया दबाव
जानकारी के मुताबिक, 16 साल का छात्र अपने दोस्तों से किराए पर गाड़ी लेकर गया था। जब वह गाड़ी वापस करने पहुंचा तो दोस्तों ने उस पर आरोप लगाया कि उसने गाड़ी तोड़ दी है और अब उसे नुकसान के पैसे देने होंगे।छात्र ने दोस्तों से कहा कि उसके पास पैसे नहीं हैं। इसके द आरोपियों ने कथित तौर पर उस पर दबाव बनाना शुरू किया। आरोप है कि दोस्तों ने उसे धमकाकर रुपए की मांग की और जब उसने पैसे देने में असमर्थता जताई तो उसे घर में रखी ज्वेलरी लाने के लिए कहा।
मोबाइल देकर दिए चोरी के निर्देश
पुलिस शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने नाबालिग को अपना मोबाइल फोन दिया। इसी मोबाइल के जरिए वे छात्र से बातचीत करते रहे और उसे घर में चोरी करने के लिए दिशा-निर्देश देते रहे।आरोप है कि दोस्तों के कहने पर छात्र अपने घर पहुंचा और अलमारी में रखी सोने-चांदी की ज्वेलरी चोरी कर ली। इसके बाद उसने चोरी का सामान अपने दोस्तों को दे दिया।
लाखों की ज्वेलरी चोरी करने का आरोप
नाबालिग ने घर से सोने की तीन सेट बालियां, हार, अंगूठी, नथ, पेंडल के अलावा चांदी का कड़ा और पायजेब की जोड़ी चोरी की। परिवार को जब घर में रखी ज्वेलरी गायब मिली तो उन्होंने मामले की जानकारी जुटाई।पूछताछ में घटना का खुलासा होने के बाद परिजनों ने नाबालिग के दोस्तों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी दोस्त कौन हैं और चोरी की गई ज्वेलरी का क्या किया गया। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या आरोपियों ने पहले भी किसी तरह की वारदात को अंजाम दिया है।पुलिस नाबालिग छात्र से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटनाक्रम की पूरी जानकारी सामने आ सके।इस घटना ने एक बार फिर नाबालिगों पर गलत संगत और दबाव के प्रभाव को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
