Aapka Rajasthan

जयपुर स्कूल विवाद में आज खत्म होगा CJP का 48 घंटे का अल्टीमेटम, शाम को जोधपुर में छात्रों से संवाद

जयपुर स्कूल विवाद में आज खत्म होगा CJP का 48 घंटे का अल्टीमेटम, शाम को जोधपुर में छात्रों से संवाद
 
जयपुर स्कूल विवाद में आज खत्म होगा CJP का 48 घंटे का अल्टीमेटम, शाम को जोधपुर में छात्रों से संवाद

जयपुर के सीतापुरा इलाके के राजकीय प्राथमिक स्कूल रामपुरा-कंवरपुरा के निरीक्षण को लेकर शुक्रवार को हुए विवाद और मारपीट के बाद कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP के 48 घंटे के अल्टीमेटम की समय सीमा आज पूरी होने जा रही है। ऐसे में अब सबकी नजर CJP की अगली रणनीति पर टिकी हुई है। वहीं, दूसरी ओर रामपुरा-कंवरपुरा गांव के ग्रामीणों की ओर से दिया गया अल्टीमेटम भी आज समाप्त हो रहा है। दोनों पक्षों के रुख को देखते हुए आने वाले घंटों में मामला और गरमा सकता है।

शुक्रवार को स्कूल के निरीक्षण के दौरान CJP कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया था। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना के बाद CJP ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। अब इस अवधि के पूरा होने के बाद संगठन की ओर से आगे क्या कदम उठाया जाता है, इस पर सभी की नजर है।

आज जोधपुर में छात्रों से संवाद

CJP के सीनियर लीडर और कार्यकर्ता आज शाम जोधपुर में छात्रों से संवाद करेंगे। संगठन की ओर से इसे छात्रों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर बातचीत के तौर पर देखा जा रहा है। जयपुर में हुए विवाद के बाद यह कार्यक्रम इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि CJP लगातार सरकारी स्कूलों की स्थिति और बुनियादी सुविधाओं को लेकर अभियान चला रही है।

संगठन का कहना है कि सरकारी स्कूलों की वास्तविक स्थिति सामने लाना और बच्चों को बेहतर शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराना उसके अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

1 सितंबर से स्कूल निर्माण का दावा

CJP की राजस्थान प्रवक्ता रेखा शर्मा ने कहा कि सरकार ने उनकी एक मांग पूरी कर दी है। उन्होंने बताया कि रामपुरा-कंवरपुरा स्कूल का निर्माण कार्य 1 सितंबर से शुरू किया जाएगा।

रेखा शर्मा ने कहा कि अगर सरकार ने स्कूल निर्माण का काम पहले ही शुरू कर दिया होता तो CJP के कार्यकर्ताओं को वहां निरीक्षण के लिए जाने की जरूरत नहीं पड़ती। उन्होंने कहा कि संगठन उम्मीद करता है कि सरकार राजस्थान के करीब 3 हजार जर्जर स्कूलों की स्थिति पर भी जल्द ध्यान देगी और वहां पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराया जाएगा।

आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

CJP प्रवक्ता ने रामपुरा-कंवरपुरा विवाद में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि घटना में जिन लोगों की भूमिका सामने आई है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि यदि विवाद और कथित हुड़दंग में CJP का कोई व्यक्ति शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जानी चाहिए। संगठन का कहना है कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए।

ग्रामीणों ने भी दी थी गिरफ्तारी की चेतावनी

दूसरी तरफ रामपुरा-कंवरपुरा गांव के ग्रामीणों ने भी CJP के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी थी कि यदि CJP के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वे सामूहिक रूप से अपनी गिरफ्तारियां देंगे। ग्रामीणों की ओर से दिया गया अल्टीमेटम भी आज समाप्त हो रहा है।

ऐसे में प्रशासन के सामने दोनों पक्षों को लेकर स्थिति संभालने की चुनौती है। अब देखना होगा कि CJP अपने 48 घंटे के अल्टीमेटम के बाद क्या कदम उठाती है और ग्रामीण अपनी चेतावनी पर कितना आगे बढ़ते हैं। फिलहाल स्कूल निर्माण शुरू करने की घोषणा के बावजूद शुक्रवार की घटना को लेकर विवाद पूरी तरह शांत होता नजर नहीं आ रहा है।