जयपुर-दिल्ली हाईवे पर केमिकल टैंकर पलटा, फुटेज में जानें ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान, 3 घंटे बाद बहाल हुआ ट्रैफिक
राजस्थान की राजधानी जयपुर में मंगलवार दोपहर जयपुर-दिल्ली हाईवे पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। केमिकल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, ड्राइवर ने समय रहते टैंकर से कूदकर अपनी जान बचा ली। हादसे में उसे मामूली चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना दोपहर करीब 2 बजे जयपुर-दिल्ली हाईवे पर अप्पू घर के पास हुई। दिल्ली की ओर से कैथलीन केमिकल से भरा टैंकर जयपुर की तरफ आ रहा था। इसी दौरान ढलान वाले हिस्से में टैंकर अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क पर पलट गया।
टैंकर के पलटते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। चूंकि टैंकर में केमिकल भरा हुआ था, इसलिए किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए पुलिस और प्रशासन तुरंत सतर्क हो गया। दौलतपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों को भी बुलाया गया।
हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। पुलिस ने तत्काल ट्रैफिक को डायवर्ट किया और आसपास लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की सलाह दी।
टैंकर को हटाने के लिए तीन बड़ी क्रेनों की मदद ली गई। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टैंकर को सीधा कर सड़क किनारे खड़ा करवाया गया। इसके बाद धीरे-धीरे ट्रैफिक को सामान्य किया गया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में किसी प्रकार की बड़ी जनहानि नहीं हुई, जो राहत की बात रही। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि टैंकर ढलान पर संतुलन खो बैठा, जिसके चलते यह दुर्घटना हुई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं प्रशासन ने हाईवे पर भारी वाहनों की सुरक्षा और गति नियंत्रण को लेकर भी सतर्कता बढ़ाने की बात कही है।
