भीलवाड़ा में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग, वीडियो में देंखे 25 सेकंड में वारदात को अंजाम देकर फरार हुए बदमाश
घटना शहर के नागोरी गार्डन इलाके में स्थित कोतवाली थाना क्षेत्र की है, जहां शुक्रवार शाम करीब 6 बजे यह वारदात हुई। जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग महिला बाजार में जा रही थी, तभी अचानक बाइक पर सवार दो युवक आए और झपट्टा मारकर उसके गले से सोने की चेन छीन ली।
महिला ने तुरंत मदद के लिए आवाज लगाई, लेकिन तब तक बदमाश तेज रफ्तार में बाइक लेकर फरार हो चुके थे। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग भी कुछ समझ नहीं पाए।
इस वारदात का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि बदमाशों ने महज 25 सेकंड के भीतर पूरी घटना को अंजाम दिया और फरार हो गए।
चेन का हिस्सा बचा:
बताया जा रहा है कि बदमाश करीब ढाई तोला सोने की चेन लूटने आए थे, लेकिन महिला के विरोध और पकड़ने की कोशिश के कारण वे पूरी चेन नहीं ले जा सके। चेन का एक हिस्सा महिला के पास ही रह गया, जबकि कुछ हिस्सा बदमाश लेकर भाग निकले।
पुलिस की कार्रवाई:
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके में नाकाबंदी करवाई गई। महिला की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बढ़ती वारदातों से चिंता:
शहर में इस तरह की चेन स्नैचिंग की घटनाएं लोगों के लिए चिंता का विषय बनती जा रही हैं। खासकर बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में दिनदहाड़े हो रही ऐसी वारदातें सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं।
