IRS अधिकारी पर CBI की रेड, पत्नी भी जांच के दायरे में; जयपुर, अहमदाबाद सहित कई ठिकाने खंगाले

सीबीआई ने जयपुर में भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के एक अधिकारी के परिसर पर बड़ी कार्रवाई की। अधिकारी की पत्नी भी जांच के दायरे में है। कहा जा रहा है कि इस दंपत्ति ने करोड़ों रुपए की संपत्ति अर्जित की है। सीबीआई ने उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, सीबीआई ने गुरुवार को भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) अधिकारी संतोष करनानी के जयपुर परिसर पर छापेमारी की। 2005 बैच के अधिकारी करनानी और उनकी पत्नी आरती करनानी ने काफी संपत्ति अर्जित की है। सीबीआई ने दोनों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है। जयपुर, अहमदाबाद और गांधीनगर में दंपति के कुल 11 ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार दोनों द्वारा घोषित संपत्ति उनकी वास्तविक आय से कहीं अधिक है। आरोप है कि उन्होंने सरकारी सेवा में रहते हुए अनैतिक तरीके से यह संपत्ति अर्जित की।
सीबीआई की एक टीम ने आज दोपहर जयपुर, अहमदाबाद और गांधीनगर में उनके आवास, कार्यालय, निवेश और अन्य निजी स्थानों पर छापे मारे। छापेमारी के दौरान संपत्ति से संबंधित दस्तावेजों और बैंक खातों की जांच की जा रही है।