Aapka Rajasthan

जोधपुर में बिजनेसमैन के घर दिनदहाड़े 65 लाख की चोरी, फुटेज में देंखे अलमारी से 50 तोला सोने के जेवर गायब; बिना लॉक तोड़े खोली दराज

जोधपुर में बिजनेसमैन के घर दिनदहाड़े 65 लाख की चोरी, फुटेज में देंखे अलमारी से 50 तोला सोने के जेवर गायब; बिना लॉक तोड़े खोली दराज
 
जोधपुर में बिजनेसमैन के घर दिनदहाड़े 65 लाख की चोरी, फुटेज में देंखे अलमारी से 50 तोला सोने के जेवर गायब; बिना लॉक तोड़े खोली दराज

शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में चोरों ने दिनदहाड़े एक बिजनेसमैन के घर को निशाना बनाकर करीब 65 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहने और नकदी चोरी कर ली। वारदात अरिहंत नगर में गुरों का तालाब रोड स्थित मकान में हुई। चोरों ने अलमारी का लॉक तोड़े बिना ही उसके दराज में रखे कीमती जेवरात पार कर दिए। हैरानी की बात यह है कि चोरी के दौरान घर का सामान भी बिखरा हुआ नहीं मिला।पीड़ित राजेंद्र पुंगलिया पुत्र जगदीश लाल पुंगलिया ने प्रतापनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि घर की अलमारी में उनकी बेटी और बहू के सोने-चांदी के जेवरात रखे हुए थे। बुधवार सुबह वह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान करीब साढ़े आठ बजे उनकी पत्नी का फोन आया। पत्नी ने उन्हें तुरंत घर पहुंचने के लिए कहा।

घर पहुंचने पर गायब मिले जेवरात और नकदी

राजेंद्र पुंगलिया के अनुसार, जब वह घर पहुंचे तो पत्नी ने अलमारी से जेवरात और नकदी गायब होने की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने अलमारी की जांच की तो उसमें रखे कीमती गहने और रुपए नहीं मिले।पीड़ित ने बताया कि चोरी के दौरान चोरों ने न तो अलमारी का लॉक तोड़ा और न ही घर में सामान इधर-उधर किया। अलमारी में रखा बाकी सामान भी पहले की तरह व्यवस्थित मिला। इससे परिवार को आशंका है कि चोरों ने अलमारी में रखी चाबी का इस्तेमाल कर दराज खोली और जेवरात निकाल लिए।

अलमारी में सुरक्षित मिली चाबी, दराज में नहीं थी तोड़फोड़

रिपोर्ट के मुताबिक, सोने-चांदी के जेवरात अलमारी के दराज में रखे हुए थे। दराज में किसी तरह की तोड़फोड़ के निशान नहीं मिले। परिवार को अलमारी की चाबी भी सुरक्षित मिली है। ऐसे में चोरी का तरीका पुलिस के लिए जांच का विषय बन गया है।

10 तोला कंगन और डायमंड-पोलकी सेट भी चोरी

पीड़ित के अनुसार, अलमारी से करीब 10 तोला सोने के कंगन, 8 तोला मोती सेट, 4 तोला डायमंड सेट, 3 तोला पोलकी सेट, 13 अंगूठियां, डेढ़ तोला स्टोन सेट और 8 तोला ब्रेसलेट गायब मिले। इसके अलावा अलमारी में रखे एक लाख रुपए में से 52 हजार रुपए भी चोरी कर लिए गए।चोरी हुए गहनों की कुल कीमत करीब 65 लाख रुपए बताई गई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घर में चोरी किसने की और आरोपी बिना किसी तोड़फोड़ के अलमारी के दराज तक कैसे पहुंचे। साथ ही वारदात के समय घर के आसपास मौजूद लोगों और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।