अमरसर थाने में रिश्वत का खेल, 40 हजार लेते हेड कांस्टेबल और दलाल गिरफ्तार; वीडियो में जाने परिवाद रफा-दफा करने के लिए मांगे थे 50 हजार
जयपुर ग्रामीण जिले के अमरसर थाना क्षेत्र में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो यानी ACB ने मंगलवार को बड़ी ट्रैप कार्रवाई की। ACB की टीम ने 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते एक पुलिस हेड कांस्टेबल और उसके कथित दलाल को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोप है कि थाने में दर्ज परिवाद को रफा-दफा करने और परिवादी के पक्ष में रिपोर्ट तैयार करने के बदले रिश्वत की मांग की गई थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमरसर थाने में तैनात हेड कांस्टेबल रतन लाल आर्य और अमरसर स्थित अंग्रेजी एवं देशी शराब के ठेके पर सेल्समैन के रूप में काम करने वाले राकेश कुमार मीणा के रूप में हुई है। ACB के मुताबिक, रिश्वत की रकम के लेनदेन में राकेश मीणा को माध्यम बनाया गया था।
50 हजार रुपए मांगे, 40 हजार में हुआ सौदा
ACB के डीआईजी सेकेंड ओमप्रकाश मीणा के अनुसार, परिवादी ने शिकायत दी थी कि अमरसर थाने में दर्ज परिवाद को खत्म करने और उसके पक्ष में रिपोर्ट बनाने के लिए हेड कांस्टेबल रतन लाल आर्य 50 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा है।शिकायत मिलने के बाद ACB जयपुर नगर-प्रथम इकाई ने रिश्वत मांग की शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान हेड कांस्टेबल की ओर से 50 हजार रुपए की मांग किए जाने की पुष्टि हुई। बाद में रिश्वत की रकम 40 हजार रुपए में तय हुई। इसके बाद ACB ने आरोपियों को पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना बनाई।
शराब ठेके के सेल्समैन को बनाया माध्यम
ट्रैप कार्रवाई के दौरान राकेश कुमार मीणा ने हेड कांस्टेबल रतन लाल आर्य के लिए परिवादी से 40 हजार रुपए की रिश्वत ली। जैसे ही रिश्वत की रकम का लेनदेन हुआ, ACB की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए राकेश मीणा को रंगे हाथ पकड़ लिया।इसके बाद ACB अधिकारियों ने हेड कांस्टेबल रतन लाल आर्य को डिटेन कर उससे पूछताछ की। पूछताछ और कार्रवाई के बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
आय से अधिक संपत्ति की भी जांच
ACB अब यह भी जांच कर रही है कि रिश्वतखोरी का यह मामला केवल एक परिवाद तक सीमित था या आरोपियों ने पहले भी इसी तरह लोगों से पैसे लिए हैं। कार्रवाई के बाद हेड कांस्टेबल के आवास और अन्य संभावित ठिकानों पर दस्तावेजों और आय से अधिक संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड की जांच किए जाने की जानकारी सामने आई है।ACB अधिकारियों के अनुसार मामले में आरोपियों से पूछताछ जारी है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अमरसर थाने में हुई इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में भी हलचल है। थाने में दर्ज परिवाद को खत्म करने और जांच को किसी एक पक्ष के पक्ष में प्रभावित करने के बदले रिश्वत लेने के आरोप ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल ACB का फोकस रिश्वत की मांग, रकम के लेनदेन और दोनों आरोपियों की भूमिका से जुड़े सभी पहलुओं की जांच पर है।
