सीकर के खाटूश्यामजी अस्पताल से बोलेरो चोरी, CCTV में कैद हुए दो बदमाश
राजस्थान के सीकर जिले में स्थित खाटूश्यामजी उप जिला अस्पताल से बोलेरो गाड़ी चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरों ने रात के समय अस्पताल परिसर में खड़ी गाड़ी को निशाना बनाया और कुछ ही मिनटों में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, यह गाड़ी अस्पताल में कार्यरत लैब टेक्नीशियन रामचंद्र बाजिया की थी, जो अस्पताल परिसर में बने क्वार्टर में रहते हैं। रोज की तरह उन्होंने अपनी बोलेरो गाड़ी को पुराने गेट के पास खड़ा किया हुआ था। लेकिन सुबह जब वे उठे तो गाड़ी अपनी जगह पर नहीं मिली, जिससे हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद जब अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, तो चौंकाने वाले दृश्य सामने आए। फुटेज में रात करीब डेढ़ बजे दो युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर अस्पताल परिसर में घुसते हुए नजर आए। दोनों ने बेहद शातिर तरीके से महज एक से डेढ़ मिनट के भीतर गाड़ी का लॉक तोड़ा और उसे लेकर फरार हो गए।
इस पूरी वारदात से अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। जिस जगह मरीजों और स्टाफ की सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए, वहां इस तरह की घटना चिंता का विषय बन गई है। मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
स्थानीय लोगों और अस्पताल स्टाफ में इस घटना के बाद भय का माहौल है। लोगों ने अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रात के समय निगरानी बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल, पुलिस इस मामले में हर पहलू से जांच कर रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही चोरों का सुराग लगाकर गाड़ी बरामद कर ली जाएगी।
