जयपुर में होटल के बाहर खूनी बवाल: एक्सक्लूसिव फुटेज में देंखे दोस्तों पर लाठी-डंडों से हमला, तोड़फोड़ के बाद कैश काउंटर से 30 हजार रुपये लूटने का आरोप
राजस्थान की राजधानी जयपुर के श्याम नगर इलाके में एक होटल के बाहर मामूली कहासुनी के बाद जमकर बवाल हो गया। आरोप है कि कुछ युवकों ने अपने साथियों को बुलाकर होटल में मौजूद लोगों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमलावरों ने होटल में तोड़फोड़ की, कैश काउंटर से नकदी ले जाने का भी आरोप है। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
खाना खाने पहुंचे थे दोस्त, बाहर निकलते ही हुआ विवाद
श्याम नगर थाना पुलिस के अनुसार, जयपुर निवासी रवि ने मामले में शिकायत दर्ज कराई है। रवि अपने दोस्तों के साथ मेट्रो पिलर नंबर-1 के सामने स्थित एक होटल में खाना खाने गया था। बिल चुकाकर बाहर निकलते समय होटल में मौजूद कुछ युवकों से उनकी कहासुनी हो गई।
साथियों को बुलाकर किया हमला
शिकायत के मुताबिक, रात करीब 11 बजे विवाद बढ़ने पर उन युवकों ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों से रवि और उसके दोस्तों पर हमला कर दिया। हमले में कई लोग घायल हो गए।
होटल में मची भगदड़
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने युवकों को तब तक पीटा, जब तक वे लहूलुहान नहीं हो गए। अचानक हुए हमले से होटल में अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
तोड़फोड़ और नकदी लूटने का आरोप
पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने होटल में जमकर तोड़फोड़ की। इसके अलावा कैश काउंटर से करीब 30 हजार रुपये ले जाने का भी आरोप लगाया गया है। जाते समय आरोपियों ने होटल के बाहर खड़ी कई कारों के शीशे भी तोड़ दिए।
CCTV फुटेज के आधार पर जांच
घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। श्याम नगर थाना पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनकी तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
