जयपुर में छत पर कमरा बनाने को लेकर दो भाइयों में खूनी संघर्ष, एक्सक्लूसिव फुटेज में देंखे लाठी-डंडे चले; 6 लोग घायल
राजधानी जयपुर के भट्टाबस्ती थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घर की छत पर कमरा बनाने को लेकर दो भाइयों के परिवार आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चल गए और जमकर मारपीट हुई। घटना में दोनों पक्षों के छह लोग घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने अस्पताल पहुंचाकर प्राथमिक उपचार कराया। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पारिवारिक बैठक के दौरान शुरू हुआ विवाद
भट्टाबस्ती थाने के हेड कॉन्स्टेबल हरनाथ के अनुसार, संजय नगर निवासी समीना ने थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया गया कि बुधवार रात करीब 11 बजे घर की छत पर कमरा बनाने को लेकर परिवार की बैठक बुलाई गई थी।बैठक में परिवार के सदस्य इस मुद्दे पर चर्चा कर रहे थे। आरोप है कि सास की सहमति मिलने के बाद समीना के जेठ शब्बीर ने इसका विरोध शुरू कर दिया।
कहासुनी के बाद हुई मारपीट
शिकायत के अनुसार, बात बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। आरोप है कि इसके बाद शब्बीर ने अपने बेटों के साथ मिलकर समीना और उसके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट कर दी।शोर-शराबा सुनकर अन्य परिजन बीच-बचाव के लिए पहुंचे, लेकिन इस दौरान दोनों पक्षों में लाठी-डंडों से मारपीट होने लगी। काफी देर तक चले हंगामे के बाद मामला शांत हुआ।
6 लोग हुए घायल
मारपीट में दोनों पक्षों के कुल छह लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर भट्टाबस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाकर प्राथमिक उपचार कराया।पुलिस के अनुसार, सभी घायलों की चिकित्सकीय जांच कराई गई है और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जान से मारने की धमकी देने का आरोप
एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि विवाद शांत होने के बाद जाते समय शब्बीर ने पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी भी दी।इस आरोप के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने शुरू कर दिए हैं।
दोनों पक्षों की शिकायत पर जांच शुरू
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायतें मिली हैं। घटनास्थल की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने और साक्ष्य जुटाने के बाद दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य है, लेकिन पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
