Aapka Rajasthan

बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का गहलोत के बयान पर पलटवार, वीडियो क्लिप में देखें A-Z बड़ी खबरें

 
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का गहलोत के बयान पर पलटवार, वीडियो क्लिप में देखें A-Z बड़ी खबरें

जयपुर न्यूज़ डेस्क, बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान पर पलटवार करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा- दिल्ली चुनावों में करारी हार के बाद अब कांग्रेस नेताओं को एक बार ​फिर हिंदू याद आने लगे हैं। दिल्ली चुनावों में तुष्टीकरण के चलते धर्म विशेष को खुश करने के लिए इतने दिन किसी भी कांग्रेस के नेता के मुंह से बांग्लादेश हिंसा पर एक शब्द नहीं निकला।उन्होंने कहा- कांग्रेस ने हमेशा मस्जिद और मदरसों को आगे बढ़ाने का काम किया है। इन्होंने मंदिरों को किसी भी प्रकार का सहयोग करने का काम नहीं किया। उल्टा मंदिरों पर टैक्स लगाया है। मंदिरों को जो आय होती थी, उसे भी सरकारी खजाने में जमा करने का काम किया है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा- हम सभी धर्मों का सम्मान-आदर करते हैं, सबकी भावनाओं का सम्मान करते हैं। अल्पसंख्यकों की भावनाओं का भी हम सम्मान करते हैं। मैं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने पुजारियों का मानदेय बढ़ाने का काम किया।

मदन राठौड़ ने कहा-

जब मंदिर में कोई भी व्यक्ति जाता है तो उसमें आस्था का संचार होता है। उसके मन में भाव जागृत होता है कि मुझे दुनिया में कोई नहीं देख रहा है। ईश्वर मुझे देख रहा है। अगर मैं अपराध करूंगा तो मुझे ईश्वर माफ नहीं करेगा। इस भावना से अपराधों में भी कमी आती है। यह बहुत बड़ी बात है। दूसरा मंदिर जाने से व्यक्ति में आत्मविश्वास बढ़ता है और आत्मबल में वृद्धि होती है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का केजरीवाल पर बड़ा आरोप
मदन राठौड़ ने कहा- असत्य ज्यादा दिन नहीं चल सकता है। अन्ना हजारे के आंदोलन से केजरीवाल पैदा हुए थे। उन्होंने अन्ना हजारे को साइड लाइन करके लोगों की भावनाओं को कब्जे में ले लिया। देश को यह दिखाने की कोशिश की कि हम सच्चा प्रशासन देंगे। वो खुद भ्रष्टाचार में डूब गए।

चुनाव में केजरीवाल चारों खाने चित्त हो गए। मैं सोचता हूं कि अब आम आदमी पार्टी का कोई भविष्य नहीं है। केजरीवाल अब राजनीति से आउट है। हमारे देश की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पर विश्वास किया है। जनता यह मान गई है कि मोदी ही स्वच्छ प्रशासन दे सकते हैं। दिल्ली का विकास कर सकते हैं।

अब जानते हैं गहलोत ने बांग्लादेश हिंसा पर क्या ट्वीट किया था

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज बांग्लादेश हिंसा पर ट्वीट करते हुए लिखा- बांग्लादेश में तख्तापलट के बाद से हुई हिंसा में 23 हिंदुओं की हत्या हो चुकी है, 152 मंदिरों में तोड़फोड़ की जा चुकी है।यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि ऐसी परिस्थिति के बावजूद भारत सरकार ने वैश्विक प्लेटफॉर्म पर अभी तक कोई भी बयान देना या बांग्लादेश पर दबाव डालना उचित नहीं समझा है।भारत सरकार को बांग्लादेश में हिंदुओं और तमाम अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों पर लगाम लगाने के लिए कूटनीतिक कदम उठाने चाहिए।