बीजेपी ने जारी किया संकल्प पत्र, वीडियो में जाने 24 घंटे बिजली और बेहतर पेयजल आपूर्ति का वादा
राजस्थान में आगामी निकाय चुनावों को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने प्रदेश की जनता के सामने अपना नगरीय विकास संकल्प पत्र जारी कर दिया है। जयपुर स्थित बीजेपी मुख्यालय में प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में संकल्प पत्र का विमोचन किया गया। बीजेपी ने अपने संकल्प पत्र में शहरों के विकास को प्राथमिकता देने का वादा किया है। पार्टी ने कहा है कि प्रत्येक निकाय में वार्ड को विकास का आधार मानते हुए शहरों का चहुंमुखी विकास किया जाएगा।
हर निकाय में विकास और बेहतर सुविधाओं का वादा
बीजेपी ने संकल्प पत्र में नगरीय क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने का भरोसा दिलाया है। पार्टी ने कहा कि प्रभावित निकायों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था में सुधार किया जाएगा।इसके अलावा शहरों में घरेलू उपभोक्ताओं को 24 घंटे बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने का भी वादा किया गया है। बीजेपी का कहना है कि अगले पांच वर्षों में शहरों को बेहतर सुविधाओं और आधुनिक व्यवस्थाओं से लैस किया जाएगा।
सीएम भजनलाल शर्मा बोले- घोषणा पत्र नहीं, संकल्प पत्र
संकल्प पत्र जारी करने के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि आमतौर पर राजनीतिक दल घोषणा पत्र जारी करते हैं, लेकिन बीजेपी ने इसे संकल्प पत्र का नाम दिया है।उन्होंने कहा, “घोषणा पत्र तो घोषणा करने का होता है, लेकिन संकल्प पत्र काम करने का होता है। शहरों में विकास कैसे हो, इसे लेकर हम पांच साल का संकल्प पत्र राजस्थान की जनता के बीच लेकर आए हैं।”मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के शहरों को बेहतर सुविधाएं देना और आम जनता के जीवन को आसान बनाना है।
वन स्टेट वन इलेक्शन पर कांग्रेस पर निशाना
सीएम भजनलाल शर्मा ने इस दौरान वन स्टेट वन इलेक्शन के मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने विधानसभा में कहा था कि राजस्थान में वन स्टेट वन इलेक्शन कराया जाएगा, तब कांग्रेस के एक बड़े नेता ने इस पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि यह संभव नहीं है।मुख्यमंत्री ने कहा कि अब वही लोग देख लें कि वन स्टेट वन इलेक्शन कौन करवा रहा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार अपने संकल्पों को पूरा करने के लिए काम कर रही है।
निकाय चुनाव में विकास बनेगा मुख्य मुद्दा
बीजेपी ने संकल्प पत्र के जरिए शहरों में विकास, बिजली, पानी और आधारभूत सुविधाओं को चुनावी मुद्दा बनाया है। पार्टी का कहना है कि नगरीय क्षेत्रों के विकास के लिए अगले पांच साल की स्पष्ट योजना तैयार की गई है।अब देखना होगा कि बीजेपी के इस संकल्प पत्र का निकाय चुनावों में कितना असर पड़ता है और विपक्ष इस पर किस तरह प्रतिक्रिया देता है।
