Aapka Rajasthan

बीकानेर के ज्वेलर से रोहित गोदारा गैंग के नाम पर 5 करोड़ की फिरौती मांगी, वीडियो में देंखे विदेशी नंबर से आई कॉल

बीकानेर के ज्वेलर से रोहित गोदारा गैंग के नाम पर 5 करोड़ की फिरौती मांगी, वीडियो में देंखे विदेशी नंबर से आई कॉल
 
बीकानेर के ज्वेलर से रोहित गोदारा गैंग के नाम पर 5 करोड़ की फिरौती मांगी, वीडियो में देंखे विदेशी नंबर से आई कॉल

बीकानेर में एक ज्वेलर से कुख्यात गैंग के नाम पर 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। आरोपी ने विदेशी नंबर से वॉट्सऐप कॉल कर कारोबारी को धमकी दी और बाद में 57 सेकंड का वॉयस मैसेज भेजकर रकम देने की मांग दोहराई। मामला नयाशहर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रोहित गोदारा और उसके गुर्गे वीरेंद्र चारण के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ज्वेलर जुगल नारायण सोनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 26 सितंबर की शाम करीब 4 बजकर 52 मिनट पर उनके मोबाइल पर विदेशी नंबर से वॉट्सऐप कॉल आई थी। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को वीरेंद्र चारण बताया। वॉट्सऐप की प्रोफाइल आईडी में अंग्रेजी में ‘जय बाबेरी’ लिखा हुआ था।पीड़ित के अनुसार, कॉल के दौरान आरोपी ने रोहित गोदारा गैंग का नाम लेते हुए 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी। कॉल खत्म होने के बाद आरोपी ने एक वॉयस मैसेज भी भेजा, जिसमें भी 5 करोड़ रुपये देने की धमकी दी गई।

गैंग बनाकर वसूली करने का दावा

ज्वेलर ने पुलिस को बताया कि वॉयस मैसेज में आरोपी ने कहा कि उसने और उसके साथियों ने एक संगठित गैंग बना रखा है और वे गैंग के नाम पर लोगों से वसूली करते हैं। धमकी भरे कॉल और मैसेज के बाद कारोबारी ने पुलिस से संपर्क किया।शिकायत मिलने के बाद नयाशहर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस विदेशी नंबर, वॉट्सऐप अकाउंट और कॉल से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कॉल वास्तव में गैंग से जुड़े लोगों ने किया था या किसी ने गैंग के नाम का इस्तेमाल कर धमकाने की कोशिश की।

रोहित गोदारा और वीरेंद्र चारण पर पहले भी दर्ज हैं मामले

नयाशहर थानाधिकारी सुरजीत कुमार ने बताया कि रोहित गोदारा और वीरेंद्र चारण के खिलाफ बीकानेर के कई थानों में पहले भी मामले दर्ज हैं। इनमें ज्यादातर मामले फिरौती मांगने और धमकी देने से जुड़े हुए हैं।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में आरोपियों तक पहुंचने के लिए तकनीकी टीम की मदद ली जा रही है। कॉल डिटेल, नंबर की लोकेशन और अन्य डिजिटल जानकारी जुटाई जा रही है।राजस्थान में गैंगस्टर नेटवर्क की ओर से व्यापारियों और कारोबारियों को धमकी देकर फिरौती मांगने के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं। पुलिस ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई कर रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।