Aapka Rajasthan

सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ा अपडेट, RSSB ने सिलेबस में किया बड़ा बदलाव

 
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ा अपडेट, RSSB ने सिलेबस में किया बड़ा बदलाव

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने आगामी भर्ती परीक्षाओं के सिलेबस में बदलाव किया है। बोर्ड ने सिलेबस में बदलाव को मंजूरी दे दी है। यह जानकारी कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष मेजर जनरल आलोक राज ने दी है। बताया जा रहा है कि नौकरी की तलाश कर रहे राजस्थान के युवा लंबे समय से भर्ती परीक्षाओं में राजस्थान से जुड़े सामान्य ज्ञान (GK) के सवालों का वेटेज बढ़ाने की मांग कर रहे थे। अब बोर्ड ने भी उनकी मांग मान ली है। अब इसके तहत राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड चतुर्थ श्रेणी के 52 हजार पदों की भर्ती में बदले हुए सिलेबस के आधार पर सवाल पूछेगा।

सिलेबस में क्या हुआ बदलाव
52 हजार 453 पदों के लिए परीक्षा 19 से 21 सितंबर तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा का परिणाम 21 जनवरी 2026 तक जारी होने की संभावना है। इस परीक्षा में 120 प्रश्न पूछे जाएंगे। हल करने के लिए 2 घंटे का समय मिलेगा। वहीं, अब 120 में से 41 फीसदी सवाल राजस्थान पर आधारित GK (सामान्य ज्ञान) से पूछे जाएंगे। यानी अब 120 प्रश्नों में से 50 प्रश्न राजस्थान केंद्रित होंगे। कार्मिक विभाग का प्रस्ताव मंजूर कार्मिक विभाग की ओर से बोर्ड के चेयरमैन मेजर जनरल आलोक राज को पाठ्यक्रम में बदलाव का प्रस्ताव भेजा गया था। 

इस पर विचार किया गया। इस पर बोर्ड ने अब 41 फीसदी प्रश्न राजस्थान केंद्रित करने की मंजूरी दे दी है। यह फैसला राजस्थान के युवाओं की मांग के अनुरूप लिया गया है। साथ ही बताया गया है कि पाठ्यक्रम बदलने से परीक्षा की तिथि और कैलेंडर में बदलाव नहीं होगा। राजस्थान सरकार ने चतुर्थ श्रेणी के 52 हजार 453 पदों पर भर्ती की घोषणा की है। इस भर्ती के लिए 21 मार्च से फॉर्म भरे जा रहे हैं। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड इस परीक्षा का आयोजन करेगा। बता दें, पाठ्यक्रम में बदलाव को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी गई थी।