'ऑपरेशन मदपाण्डुकी' में बड़ी सफलता: 25 हजार का इनामी 'डोडा किंग' गिरफ्तार, फुटेज में देंखे 84 किलो डोडा-पोस्त और लग्जरी कार जब्त
राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब के कुख्यात 'डोडा किंग' और 25 हजार रुपये के इनामी तस्कर बलदेव उर्फ पम्मू उर्फ गोरा बाजीगर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले तीन वर्षों से फरार चल रहा था और कई मामलों में वांछित था।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 'ऑपरेशन मदपाण्डुकी' के तहत कोटा ग्रामीण जिले के चेचट क्षेत्र में की गई। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस को फिल्मी अंदाज में लंबा पीछा करना पड़ा। गिरफ्तारी से बचने के लिए बलदेव झाड़ियों और नदी वाले इलाके में छिप गया, जिसके बाद पुलिस ने कई घंटे तक कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया और आखिरकार उसे दबोच लिया।
84 किलो डोडा-पोस्त बरामद
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 84 किलो अवैध डोडा-पोस्त बरामद किया। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक लग्जरी कार भी जब्त की गई है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराज्यीय तस्करी किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
खुफिया सूचना के आधार पर बिछाया जाल
ANTF को सूचना मिली थी कि बलदेव उर्फ पम्मू मध्यप्रदेश से बड़ी खेप लेकर पंजाब लौटने वाला है। सूचना के बाद पुलिस ने रणनीति बनाकर कोटा के बड़गांव गुरुद्वारे के पास से उसकी गतिविधियों पर निगरानी शुरू की। जैसे ही आरोपी संदिग्ध वाहन के साथ आगे बढ़ा, पुलिस टीम ने उसका पीछा शुरू कर दिया।
बचने की कोशिश, लेकिन नहीं हुआ सफल
पुलिस से घिरता देख आरोपी ने वाहन छोड़कर भागने की कोशिश की और झाड़ियों तथा नदी क्षेत्र में छिप गया। इसके बाद पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया। कई घंटे की मशक्कत के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
कई मामलों में था वांछित
पुलिस के मुताबिक, बलदेव उर्फ पम्मू उर्फ गोरा बाजीगर लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय था और विभिन्न राज्यों में उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
नेटवर्क की होगी जांच
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके तस्करी नेटवर्क, सप्लाई चेन और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर आने वाले दिनों में और भी बड़ी कार्रवाई की जा सकती है। राजस्थान पुलिस का कहना है कि राज्य में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
