अलवर में पंचायत चुनाव में भाजपा को बड़ा झटका, जिला परिषद की 39 में से सिर्फ 4 सीटें मिलीं: कांग्रेस ने 33 वार्ड जीते; थानागाजी में भाजपा का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा
राजस्थान के अलवर जिले में पंचायतीराज चुनाव के नतीजों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बड़ा झटका लगा है। जिला परिषद से लेकर पंचायत समितियों तक के चुनाव परिणामों में कांग्रेस ने भाजपा के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन किया। अलवर जिला परिषद के कुल 39 वार्डों में से कांग्रेस ने 33 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा केवल 4 सीटें जीत सकी। दो वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे।
विधानसभा क्षेत्रों के लिहाज से चुनावी नतीजों को देखें तो भाजपा के लिए थानागाजी क्षेत्र अपेक्षाकृत राहत वाला रहा। यहां पंचायत समिति में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आई। जिले के बाकी कई क्षेत्रों में कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवारों ने भाजपा के सामने चुनौती पेश की।
जिला परिषद में कांग्रेस ने 33 सीटें जीतीं
अलवर जिला परिषद के 39 वार्डों के परिणामों में कांग्रेस ने 33 सीटें हासिल कर स्पष्ट बहुमत प्राप्त किया। भाजपा को केवल 4 सीटें मिलीं, जबकि 2 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की।इस प्रदर्शन के साथ कांग्रेस का जिला परिषद में बोर्ड बनना तय माना जा रहा है। भाजपा के लिए यह नतीजा इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि पार्टी जिले में सत्ता पक्ष में होने के बावजूद जिला परिषद की अधिकांश सीटों पर जीत हासिल नहीं कर सकी।
थानागाजी में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी
जिले की 11 पंचायत समितियों में थानागाजी में भाजपा का प्रदर्शन अन्य क्षेत्रों के मुकाबले बेहतर रहा। यहां घोषित 20 वार्डों में भाजपा ने 10, कांग्रेस ने 6 और निर्दलीय प्रत्याशियों ने 4 सीटें जीतीं। कुल 21 वार्डों वाली इस पंचायत समिति में एक वार्ड का परिणाम बाकी था। इसलिए भाजपा बहुमत के जरूरी 11 सदस्यों के आंकड़े से एक सीट पीछे थी।यही क्षेत्र भाजपा के लिए जिले में अपेक्षाकृत बेहतर प्रदर्शन वाला रहा।
कठूमर, राजगढ़ और रैणी में कांग्रेस का दबदबा
कठूमर पंचायत समिति में कांग्रेस ने 12 सीटें जीतकर बढ़त बनाई। यहां भाजपा को केवल एक सीट मिली, जबकि 10 निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे।राजगढ़ में कांग्रेस ने 12, भाजपा ने 3 और निर्दलीयों ने 8 सीटें जीतीं। रैणी में भी कांग्रेस ने 16 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा के खाते में 6 सीटें आईं और 4 निर्दलीय उम्मीदवार विजयी हुए।मुबारिकपुर पंचायत समिति में कांग्रेस को 10, भाजपा को 3 और निर्दलीयों को 2 सीटें मिलीं। खेरली-सौंखर में कांग्रेस ने 12, भाजपा ने 2 और निर्दलीय ने एक सीट हासिल की।
कई पंचायत समितियों में निर्दलीयों ने बिगाड़ा गणित
अलवर की कुछ पंचायत समितियों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मालाखेड़ा में निर्दलीयों ने 11 सीटें जीतकर सबसे बड़ी ताकत के रूप में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। यहां भाजपा को 5, कांग्रेस को 4 और आरएलपी को 3 सीटें मिलीं।लक्ष्मणगढ़ में निर्दलीयों ने 9, कांग्रेस ने 6 और भाजपा ने 2 सीटें हासिल कीं। उमरैण में निर्दलीयों को 10, कांग्रेस को 8 और भाजपा को 6 सीटें मिलीं। रामगढ़ में कांग्रेस को 9, भाजपा को 4, निर्दलीयों को 3 और आरएलपी को एक सीट मिली।
दो वार्डों में दोबारा मतदान की स्थिति
जिले की पंचायत समितियों के कुल 221 सदस्य पदों में एक प्रत्याशी निर्विरोध चुना गया था। मतगणना में 220 सीटों के परिणा घोषित होने थे, लेकिन थानागाजी के वार्ड नंबर 1 और गोविंदगढ़ के वार्ड नंबर 11 में ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण परिणाम नहीं आ सके। इन दोनों वार्डों में दोबारा मतदान कराया जाना है।कुल मिलाकर अलवर में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव के नतीजों ने भाजपा के सामने चुनौती खड़ी कर दी है। कांग्रेस ने जिला परिषद में स्पष्ट बहुमत हासिल किया, जबकि पंचायत समितियों में भी कई जगह बढ़त बनाई। अब सबकी नजर जिला प्रमुख और पंचायत समितियों के प्रधान पदों के चुनाव पर रहेगी।
