राजस्थान ATS का बड़ा खुलासा: पाकिस्तानी नेटवर्क सोशल मीडिया से युवाओं को बना रहा निशाना, वीडियो में जाने ISI की साजिश बेनकाब
राजस्थान आतंकवाद निरोधी दस्ता (ATS) ने पाकिस्तान समर्थित नेटवर्क और विदेशी गैंगस्टर्स की गतिविधियों को लेकर बड़ा खुलासा किया है। एटीएस के एडीजी (ऑपरेशंस) दिनेश एमएन ने बताया कि पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी का इस्तेमाल कथित तौर पर पाकिस्तान के इंटेलिजेंस अधिकारियों (PIO) द्वारा एक मुखौटे के रूप में किया जा रहा है।
एडीजी के अनुसार, इस नेटवर्क का उद्देश्य राजस्थान समेत देश के विभिन्न राज्यों के युवाओं को सोशल मीडिया के माध्यम से अपने प्रभाव में लेना और उनसे कथित तौर पर जासूसी, संवेदनशील स्थानों की जानकारी जुटाने तथा हथियारों की सप्लाई जैसी गतिविधियां करवाना है।
उन्होंने बताया कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI भारत में किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने के लिए शहजाद भट्टी को आगे रखकर काम कर रही है। हालांकि, राजस्थान ATS, इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और अन्य केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता के कारण अब तक इस नेटवर्क की कोई भी कोशिश सफल नहीं हो सकी है।
एटीएस ने लोगों, खासकर युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी अनजान व्यक्ति के संपर्क में आने या संदिग्ध प्रस्ताव मिलने पर सतर्क रहें। सुरक्षा एजेंसियां ऐसे नेटवर्क पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
