राजस्थान के गांवों में LPG उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, वीडियो में जाने अब 25 दिन बाद बुक करा सकेंगे अगला सिलेंडर
राजस्थान के ग्रामीण इलाकों में रहने वाले LPG उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की अगली बुकिंग के लिए तय समय सीमा में बदलाव किया गया है। अब ग्रामीण उपभोक्ता पिछला सिलेंडर बुक कराने के 25 दिन बाद ही अगला सिलेंडर बुक करा सकेंगे। पहले ग्रामीण क्षेत्रों के लिए यह अंतराल 45 दिन निर्धारित किया गया था। यानी बुकिंग की समय सीमा में सीधे 20 दिन की कमी कर दी गई है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के इस फैसले से उन ग्रामीण परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें नियमित रूप से घरेलू LPG सिलेंडर की जरूरत पड़ती है। नए नियम के बाद ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में LPG सिलेंडर की अगली बुकिंग के लिए समान 25 दिन का अंतराल लागू हो जाएगा।
गैस की किल्लत के बाद लगाया गया था 45 दिन का राइडर
दरअसल, मार्च में ईरान-अमेरिका युद्ध शुरू होने के बाद गैस की उपलब्धता को लेकर पैदा हुई परिस्थितियों के बीच ग्रामीण क्षेत्रों में LPG सिलेंडर की बुकिंग पर 45 दिन का राइडर लगाया गया था। इसका मतलब था कि ग्रामीण उपभोक्ता एक सिलेंडर लेने के बाद 45 दिन पूरे होने से पहले दूसरा सिलेंडर बुक नहीं करा सकते थे।इस व्यवस्था का उद्देश्य उस समय गैस की उपलब्धता और आपूर्ति को संतुलित रखना था। हालांकि, नियमित घरेलू खपत वाले परिवारों के लिए 45 दिन का अंतराल काफी लंबा साबित हो सकता था। अब परिस्थितियों में बदलाव के बाद सरकार ने ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए भी बुकिंग का अंतर कम करने का फैसला लिया है।
तीनों बड़ी तेल कंपनियों को दिए निर्देश
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, देश की तीन प्रमुख सरकारी तेल कंपनियों—इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL)—को बुकिंग अंतराल में बदलाव लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।अब इन कंपनियों के ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए भी घरेलू LPG सिलेंडर की अगली बुकिंग का अंतराल 25 दिन निर्धारित किया जाएगा।
शहरों में पहले से लागू था 25 दिन का अंतराल
शहरी क्षेत्रों में घरेलू LPG सिलेंडर की अगली बुकिंग के लिए पहले से ही 25 दिन का अंतराल लागू था। अब ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए भी यही व्यवस्था लागू होने जा रही है। इस तरह ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के LPG ग्राहकों के बीच बुकिंग अंतराल को लेकर मौजूद अंतर खत्म हो जाएगा।
ग्रामीण परिवारों को क्या होगा फायदा?
बुकिंग का अंतर 45 दिन से घटकर 25 दिन होने से ग्रामीण परिवार जरूरत के मुताबिक अपेक्षाकृत जल्दी अगला सिलेंडर बुक करा सकेंगे। खासतौर पर ऐसे परिवारों को इससे राहत मिलेगी, जहां LPG की खपत अधिक है और एक सिलेंडर लंबे समय तक नहीं चल पाता।सरकार के इस फैसले को LPG आपूर्ति व्यवस्था में सुधार और ग्रामीण उपभोक्ताओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उठाया गया कदम माना जा रहा है। अब उपभोक्ताओं को अगला सिलेंडर बुक कराने के लिए 45 दिन का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
