बीकानेर में आतंकी नेटवर्क पर बड़ा एक्शन, फुटेज में देंखे पाकिस्तानी आतंकी के गुर्गे को भारतीय सिम दिलाने वाला आरोपी गिरफ्तार
राजस्थान के बीकानेर जिले में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकवाद से जुड़े एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने पाकिस्तान में बैठे एक आतंकी के सहयोगी को भारतीय सिम कार्ड सक्रिय कराने में मदद की और इसके लिए आवश्यक वन टाइम पासवर्ड (OTP) साझा किया।जयपुर एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) के सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अनिल कुमार बीकानेर जिले के बज्जू थाना क्षेत्र के गौड़ू गांव का निवा है। जांच में सामने आया है कि वह लंबे समय से पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी के कथित सहयोगी उज्जेर के संपर्क में था।
सूत्रों के मुताबिक, 17 जुलाई को आरोपी ने एक भारतीय सिम कार्ड को पाकिस्तान में सक्रिय कराने के लिए आवश्यक OTP कथित तौर पर साझा किया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। ATS की टीम ने 18 जुलाई को उसे उसके घर से हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की।करीब एक दिन की पूछताछ के बाद 19 जुलाई को ATS ने आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को सौंप दिया। इसके बाद बीकानेर पुलिस ने उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच जारी है और एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि आरोपी के संपर्क कितने व्यापक थे और क्या इस नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं।
आरोपी के पिता के अनुसार, अनिल आठवीं कक्षा तक पढ़ा है। वह पहले बीकानेर के एक सरकारी अस्पताल के बाहर चाय बेचने का काम करता था। बाद में एक घटना के बाद वह करीब तीन वर्ष पहले मुंबई चला गया, जहां उसने लकड़ी के काम से जुड़कर रोजगार शुरू किया।परिजनों का अनुमान है कि मुंबई में काम करने के दौरान ही वह कथित तौर पर गलत लोगों के संपर्क में आया होगा। हालांकि, इस संबंध में अभी तक जांच एजेंसियों की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
फिलहाल, पुलिस और ATS आरोपी से पूछताछ कर रही हैं। जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाना है कि भारतीय सिम का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था, आरोपी की भूमिका कितनी व्यापक थी और क्या इस मामले का संबंध किसी बड़े आतंकी नेटवर्क से है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।
