राजस्थान में ड्रग माफिया और गैंगस्टर्स पर बड़ा एक्शन, वीडियो में जाने अवैध संपत्तियां होंगी कुर्क: DGP राजीव कुमार शर्मा
राजस्थान पुलिस अब अपराध होने के बाद केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अपराध की रोकथाम, अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ने और तकनीक आधारित स्मार्ट पुलिसिंग पर विशेष ध्यान देगी। यह बात महानिदेशक पुलिस (DGP) राजीव कुमार शर्मा ने सोमवार को राजस्थान पुलिस अकादमी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कही।
डीजीपी ने बताया कि प्रदेश में बड़े ड्रग माफिया, संगठित अपराधियों और गैंगस्टर्स की अवैध संपत्तियों को कुर्क करने की कार्रवाई तेज की जाएगी। उनका कहना था कि अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क को कमजोर करना पुलिस की प्राथमिक रणनीति का हिस्सा होगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीजीपी ने राजस्थान पुलिस के पिछले छह महीनों का रिपोर्ट कार्ड भी पेश किया। उन्होंने कहा कि इस अवधि में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और तकनीक आधारित पुलिसिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की गई हैं।
डीजीपी के अनुसार, प्रदेश में गंभीर अपराधों में 4.65 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। इसके अलावा पेपर लीक माफिया पर प्रभावी कार्रवाई, नशा तस्करों और संगठित अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने से कानून-व्यवस्था और मजबूत हुई है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान पुलिस भविष्य में आधुनिक तकनीक का अधिक उपयोग करते हुए अपराधों की रोकथाम, साइबर अपराध पर नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा को और प्रभावी बनाने की दिशा में काम करती रहेगी। साथ ही अपराधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ उनकी अवैध कमाई और संपत्तियों पर भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
