भिवाड़ी पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट: मृतकों की संख्या 9 पहुंची, वीडियो में जाने एक और घायल ने तोड़ा दम
भिवाड़ी के खुशखेड़ा-कारौली औद्योगिक क्षेत्र में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में मृतकों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है। गुरुवार सुबह दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती एक और घायल जुन्नू ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, जुन्नू को हादसे वाले दिन ही गंभीर हालत में दिल्ली रेफर किया गया था। वह पिछले करीब 10 दिनों से आईसीयू में भर्ती था और लगभग 90 प्रतिशत तक झुलस गया था। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
यह दर्दनाक हादसा 16 फरवरी को खुशखेड़ा-कारौली औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुआ था। विस्फोट इतना भीषण था कि मौके पर ही सात लोग जिंदा जल गए थे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी और फैक्ट्री परिसर में चारों ओर मलबा और जली हुई सामग्री बिखर गई थी।
मामले में अतुल साहू, एएसपी भिवाड़ी, ने बताया कि हादसे में कुल 11 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिनमें से चार को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया गया था। बीते चार दिनों में दो घायलों की मौत हो चुकी है, जबकि दो अन्य को उपचार के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।
पुलिस और प्रशासन की प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि फैक्ट्री अवैध रूप से संचालित की जा रही थी और वहां सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी। विस्फोट के कारणों की जांच जारी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि फैक्ट्री संचालन में किन-किन लोगों की जिम्मेदारी थी।
हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन ने क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित इकाइयों की जांच अभियान शुरू किया है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
भिवाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में इस हादसे को लेकर अब भी शोक का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लगातार बढ़ती मौतों ने घटना की गंभीरता को और गहरा कर दिया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
