भीलवाड़ा अस्पताल बना रणक्षेत्र: फुटेज में देंखे परिचित का हाल पूछने आए दो पक्षों में खूनी झड़प, बैसाखी और डंडों से हमला
राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में सरकारी अस्पताल उस समय रणक्षेत्र में बदल गया, जब परिचित की तबीयत पूछने पहुंचे दो पक्ष आपस में भिड़ गए। मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई और दोनों पक्षों ने अस्पताल परिसर में ही लाठी-डंडों, पत्थरों और बैसाखी से एक-दूसरे पर हमला कर दिया। घटना में एक युवक का सिर फूट गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
यह पूरा मामला शहर के भीमगंज थाना इलाके स्थित महात्मा गांधी अस्पताल परिसर का है। जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब 3 बजे दोनों पक्ष अस्पताल में किसी परिचित मरीज का हालचाल पूछने पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया और देखते ही देखते दोनों पक्षों के महिला-पुरुष आपस में भिड़ पड़े।
अस्पताल परिसर में चली लाठियां और पत्थर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लोगों ने डंडों और पत्थरों से हमला शुरू कर दिया। इस दौरान एक युवक के सिर पर डंडा लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके सिर से खून बहने लगा। अस्पताल परिसर में मौजूद मरीज और उनके परिजन यह नजारा देखकर घबरा गए।मारपीट के दौरान एक दिव्यांग महिला भी पीछे नहीं हटी। उसने अपनी बैसाखी से युवक पर हमला कर दिया। घटना का वीडियो भी मौके पर मौजूद लोगों ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस पहुंची, फिर भी जारी रही मारपीट
अस्पताल परिसर में हंगामे और मारपीट की सूचना मिलते ही भीमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग करने की कोशिश की, लेकिन गुस्साए लोग पुलिस के सामने भी एक-दूसरे पर मुक्के बरसाते रहे। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने स्थिति को काबू में किया।घटना के दौरान अस्पताल परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई। मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ देर के लिए अस्पताल का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया।
पुरानी रंजिश की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस को दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश होने की आशंका है। पुलिस का कहना है कि विवाद की असली वजह का पता लगाया जा रहा है। दोनों पक्षों के लोगों से पूछताछ की जा रही है और अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि मामले में शिकायत मिलने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
दिनदहाड़े अस्पताल परिसर में हुई इस हिंसक घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम होने चाहिए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को सुरक्षित माहौल मिल सके।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और दोनों पक्षों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
