सेकेंड हैंड मोबाइल खरीदने से पहले रहें सावधान, वीडियो में जाने राजस्थान पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
Rajasthan Police ने सस्ते दामों पर पुराना मोबाइल फोन खरीदने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने नागरिकों को सलाह दी है कि सेकेंड हैंड मोबाइल खरीदने से पहले KYM (Know Your Mobile) के जरिए उसकी जांच अवश्य करें, ताकि साइबर अपराध और कानूनी परेशानियों से बचा जा सके।
पुलिस का कहना है कि बिना सत्यापन के खरीदे गए पुराने मोबाइल कई बार चोरी के, ब्लैकलिस्टेड या क्लोन हो सकते हैं। ऐसे मामलों में खरीदार को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई का भी सामना करना पड़ सकता है।
चोरी या फ्रॉड से जुड़े हो सकते हैं मोबाइल
राजस्थान पुलिस के अनुसार, कई लोग कम कीमत के लालच में बिना जांच-पड़ताल किए सेकेंड हैंड मोबाइल खरीद लेते हैं। बाद में पता चलता है कि वह फोन चोरी का है या किसी साइबर अपराध में इस्तेमाल किया गया था। ऐसे में मोबाइल रखने वाला व्यक्ति भी जांच एजेंसियों के दायरे में आ सकता है।
KYM से करें मोबाइल की जांच
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल खरीदने से पहले उसके IMEI नंबर की जांच KYM (Know Your Mobile) सेवा के माध्यम से करें। इससे यह पता लगाया जा सकता है कि फोन वैध है या नहीं, कहीं वह ब्लॉक, ब्लैकलिस्टेड या चोरी का दर्ज तो नहीं है।
खरीदारी से पहले रखें इन बातों का ध्यान
- मोबाइल का IMEI नंबर अवश्य जांचें।
- विक्रेता की पहचान और खरीद संबंधी दस्तावेज देखें।
- फोन का बिल या खरीद रसीद मांगें।
- अत्यधिक कम कीमत वाले मोबाइल से सतर्क रहें।
- मोबाइल की वैधता और स्वामित्व की पुष्टि करने के बाद ही भुगतान करें।
साइबर अपराध से बचने की अपील
राजस्थान पुलिस ने कहा है कि थोड़ी सी सावधानी लोगों को बड़े आर्थिक नुकसान और कानूनी जटिलताओं से बचा सकती है। इसलिए किसी भी सेकेंड हैंड मोबाइल को खरीदने से पहले उसकी पूरी जानकारी और वैधता की जांच करना बेहद जरूरी है।
