यात्रीगण कृपया ध्यान दे! जयपुर रेलवे स्टेशन पर इस तारीख से बदल जाएंगे नियम, प्लेटफार्म पर नही मिलेगी एंट्री, पढ़े पूरी रिपोर्ट
त्योहारों पर घर लौटने की बेचैनी, प्लेटफॉर्म पर भीड़ और हर पल भगदड़ का डर, जयपुर जंक्शन पर हर साल यही नजारा देखने को मिलता है। दिवाली, छठ, नवरात्रि और भर्ती परीक्षाओं के दौरान यात्रियों की यह बेचैनी कहीं अफरा-तफरी में न बदल जाए, इसके लिए रेलवे ने इस बार भीड़ प्रबंधन की नई योजना तैयार की है। अब आप प्लेटफॉर्म पर तभी कदम रख पाएंगे जब आपकी ट्रेन आने वाली होगी। उससे पहले सभी यात्रियों को जंक्शन पर बने होल्डिंग एरिया में इंतजार करना होगा। यह व्यवस्था 11 सितंबर से लागू होगी।
सबसे बड़ी चुनौती
जयपुर जंक्शन राज्य का सबसे बड़ा रेलवे स्टेशन है। यहाँ से प्रतिदिन सवा लाख से ज़्यादा लोग गुज़रते हैं। त्योहारों और मेलों के मौसम में यह संख्या डेढ़ से दो लाख तक पहुँच जाती है। इसे देखते हुए मुख्य प्रवेश द्वार के पास एक विशाल होल्डिंग एरिया बनाया जा रहा है, जहाँ एक बार में 1500 से ज़्यादा यात्री बैठकर इंतज़ार कर सकेंगे। जैसे-जैसे ट्रेन का समय नज़दीक आएगा, यात्रियों को बैच-वाइज प्लेटफॉर्म पर भेजा जाएगा।
त्योहारों के दौरान केवल मुख्य द्वार से ही प्रवेश की अनुमति होगी
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, त्योहारों के दौरान स्टेशन में केवल मुख्य द्वार से ही प्रवेश की अनुमति होगी। स्टेशन परिसर की निगरानी के लिए एक विशेष वॉर रूम स्थापित किया गया है। अतिरिक्त आरपीएफ और जीआरपी कर्मियों को तैनात किया जाएगा।
