जयपुर में 3 साल की मासूम के अपहरण की कोशिश नाकाम: वीडियो में जाने टॉफी का लालच देकर ले गया आरोपी, ऑटो चालक की सतर्कता से बची बच्ची
राजस्थान की राजधानी जयपुर में तीन साल की मासूम बच्ची के अपहरण की कोशिश का मामला सामने आया है। बस में मां और नानी के साथ बैठी बच्ची को एक व्यक्ति टॉफी दिलाने का बहाना बनाकर अपने साथ ले गया। हालांकि, एक ऑटोरिक्शा चालक की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बच्ची सुरक्षित बरामद कर ली गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
बस में बनाई पहचान, फिर टॉफी दिलाने का दिया झांसा
पुलिस के अनुसार, बच्ची का परिवार मूल रूप से बारां जिले का रहने वाला है और वर्तमान में जयपुर के बगरू क्षेत्र में निवास करता है। मंगलवार रात करीब 9:45 बजे बच्ची अपनी मां और नानी के साथ बारां जाने के लिए बस में बैठी थी।इसी दौरान बस में मौजूद एक व्यक्ति ने उनसे बातचीत कर परिचय बढ़ाया। कुछ देर बाद उसने बच्ची को टॉफी दिलाने की बात कहकर बस से नीचे उतारा और अपने साथ ले गया।
मां के शोर मचाते ही हरकत में आई पुलिस
करीब दस मिनट तक बच्ची वापस नहीं लौटी तो मां को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही तीन थाना क्षेत्रों की पुलिस सक्रिय हो गई और बस स्टैंड व आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
ऑटो चालक की सतर्कता से बची मासूम
जांच के दौरान सामने आया कि पीतल फैक्ट्री के पास ऑटोरिक्शा चालक नवल ने ए संदिग्ध व्यक्ति को छोटी बच्ची के साथ देखा। बच्ची के साथ उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर चालक ने ऑटो रोककर उससे पूछताछ करने की कोशिश की।ऑटो चालक की सतर्कता देखकर आरोपी घबरा गया और बच्ची को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद चालक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सिंधी कैंप बस स्टैंड से मिली बच्ची
सूचना मिलने पर पुलिस और बच्ची की मां मौके पर पहुंचीं। बच्ची की पहचान होने के बाद उसे सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी की पहचान करने और उसे गिरफ्तार करने के लिए आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। साथ ही, घटनास्थल और बस स्टैंड के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस ने लोगों से बरतने को कहा सतर्कता
पुलिस अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की है कि यात्रा के दौरान छोटे बच्चों पर विशेष नजर रखें और किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ उन्हें अकेले न भेजें। अधिकारियों ने कहा कि संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।इस घटना में ऑटोरिक्शा चालक की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने चालक की सजगता की सराहना करते हुए कहा कि आम नागरिकों का सहयोग अपराध रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
