जयपुर एयरपोर्ट की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश: 7 फीट ऊंची बाउंड्री वॉल फांदकर अंदर घुसा युवक, फुटेज में देंखे सीआईएसएफ ने पकड़ा
जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाने का मामला सामने आया है। गुरुवार को टर्मिनल-2 के पास एक युवक करीब 7 फीट ऊंची बाउंड्री वॉल फांदकर एयरपोर्ट परिसर में घुस गया। वहां तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने सतर्कता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। बाद में आरोपी को एयरपोर्ट थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।पुलिस ने आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर जिले के नूखा निवासी नंदा दुलाल दास के रूप में की है। शुरुआती पूछताछ में युवक ने बताया कि कुछ लोग उसके पीछे पड़े हुए थे। उनसे बचने के लिए वह एयरपोर्ट की दीवार फांदकर परिसर के अंदर चला गया था।
जवान ने टोका तो भी अंदर घुस गया युवक
जानकारी के अनुसार, युवक टर्मिनल-2 के पास बाउंड्री वॉल फांदकर एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान वहां ड्यूटी पर तैनात सीआईएसएफ के एक जवान की नजर उस पर पड़ गई। जवान ने उसे रोकने और टोका, लेकिन युवक इसके बावजूद दीवार पार कर अंदर घुस गया।इस पर सीआईएसएफ के जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। सुरक्षा बल ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। मामले में सीआईएसएफ के सहायक उपनिरीक्षक श्रवण कुमार की शिकायत पर एयरपोर्ट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
लकड़ियां इकट्ठा कर दीवार पर चढ़ा
मामले की जांच कर रहे सहायक उपनिरीक्षक रामराज के मुताबिक, आरोपी नंदा दुलाल दास पश्चिम बंगाल में रहकर मजदूरी करता है। वह अलग-अलग जगह घूमते हुए जयपुर पहुंचा था। पुलिस जांच में सामने आया कि उसने मंगलवार रात जयपुर एयरपोर्ट के पास शराब पी थी।शराब पीने के बाद उसने नशे की हालत में एयरपोर्ट के आसपास पड़ी लकड़ियों को इकट्ठा किया। इसके बाद लकड़ियों की मदद से करीब 7 फीट ऊंची बाउंड्री वॉल पर चढ़ गया। दीवार के ऊपर सुरक्षा के लिए नुकीले तार भी लगाए गए हैं। आरोपी इन तारों के बीच से होकर दीवार पार कर एयरपोर्ट परिसर के अंदर कूद गया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि कुछ लोग उसका पीछा कर रहे थे और उनसे बचने के लिए उसने एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश किया। हालांकि, उसके इस दावे की जांच की जा रही है।सीआईएसएफ की शिकायत पर मामला दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। यह भी जांच की जा रही है कि वह किन परिस्थितियों में एयरपोर्ट तक पहुंचा और सुरक्षा घेरा पार कर परिसर में कैसे दाखिल हुआ।घटना ने जयपुर एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, सीआईएसएफ की सतर्कता के चलते युवक को समय रहते पकड़ लिया गया और उसे परिसर में आगे बढ़ने का मौका नहीं मिला।
