Aapka Rajasthan

नागौर में महिला बैंक मैनेजर की सूझबूझ से टली ATM लूट, वीडियो में देंखे शटर गिराकर दो बदमाशों को किया बंद

नागौर में महिला बैंक मैनेजर की सूझबूझ से टली ATM लूट, वीडियो में देंखे शटर गिराकर दो बदमाशों को किया बंद
 
नागौर में महिला बैंक मैनेजर की सूझबूझ से टली ATM लूट, वीडियो में देंखे शटर गिराकर दो बदमाशों को किया बंद

नागौर जिले में एटीएम लूट की कोशिश को एक महिला बैंक मैनेजर की सूझबूझ और तत्परता से नाकाम कर दिया गया। मारवाड़ मूंडवा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात दो बदमाश गैस कटर और अन्य औजारों के साथ यूको बैंक के एटीएम बूथ में घुसे थे। इसी दौरान ई-सर्विलांस सिस्टम से बैंक को इसकी जानकारी मिल गई। सूचना मिलते ही ब्रांच मैनेजर सारिका चौधरी अपने पति के साथ मौके पर पहुंचीं और एटीएम बूथ का शटर गिराकर दोनों आरोपियों को अंदर ही बंद कर दिया। घटना नागौर रोड स्थित यूको बैंक के एटीएम की है। बताया जा रहा है कि वारदात के समय एटीएम में 16 लाख रुपये से ज्यादा की नकदी मौजूद थी। दोनों आरोपी गैस कटर समेत कई औजार लेकर एटीएम को काटकर उसमें रखी रकम लूटने की तैयारी में थे।

ई-सर्विलांस सिस्टम से मिली जानकारी

रविवार देर रात करीब 2 बजे एटीएम बूथ में संदिग्ध गतिविधि शुरू हुई। बैंक के ई-सर्विलांस सिस्टम से इसकी सूचना बैंक ब्रांच मैनेजर तक पहुंची। जानकारी मिलते ही सारिका चौधरी अपने पति के साथ तुरंत एटीएम बूथ पर पहुंच गईं।मौके पर पहुंचने के बाद उन्होंने देखा कि दो युवक एटीएम बूथ के अंदर मौजूद हैं और उनके पास गैस कटर सहित अन्य सामान था। बिना देर किए उन्होंने बूथ का शटर नीचे कर दिया। इससे दोनों बदमाश अंदर ही फंस गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार

मारवाड़ मूंडवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी पूरबाराम के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मूंडवा निवासी भरत प्रजापत और बिहार निवासी कोमल कुमार राजपूत के रूप में हुई है।पुलिस के मुताबिक भरत प्रजापत मूंडवा में ढाबा चलाता है, जबकि कोमल कुमार उसके यहां काम करता है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों आरोपी एक अन्य व्यक्ति की मोटरसाइकिल लेकर एटीएम बूथ तक पहुंचे थे।

मोटरसाइकिल मालिक से भी पूछताछ

पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल के मालिक को भी पूछताछ के लिए बुलाया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मोटरसाइकिल आरोपियों के पास कैसे पहुंची और क्या वाहन मालिक को उनकी योजना की जानकारी थी।पुलिस ने आरोपियों के पास से गैस कटर और एटीएम तोड़ने में इस्तेमाल होने वाले अन्य औजार भी बरामद किए हैं। दोनों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उनके साथ कोई और व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।

एटीएम में 16 लाख से ज्यादा कैश था

बैंक अधिकारियों के अनुसार वारदात के समय एटीएम में 16 लाख रुपये से अधिक नकदी मौजूद थी। यदि बदमाश एटीएम मशीन को काटने में सफल हो जाते तो बड़ी रकम लूटी जा सकती थी। हालांकि, महिला ब्रांच मैनेजर की सतर्कता के कारण लूट की कोशिश समय रहते नाकाम हो गई।पुलिस को रात करीब 2 बजकर 13 मिनट पर घटना की सूचना मिली थी। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम और संभावित साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।