जयपुर में 42 लाख की ATM कैश लूट का खुलासा, फुटेज में देंखे दो आरोपी करौली के जंगल से गिरफ्तार; 26.80 लाख बरामद
जयपुर में बैंक कर्मचारियों से हथियार की नोक पर करीब 42 लाख रुपए की लूट के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रामनगरिया थाना क्षेत्र में अक्षयपात्र मंदिर के पास 14 सितंबर को हुई इस वारदात के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी। पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी करौली के जंगलों में छिपे हुए हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने जंगल में तलाश कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित जांगम (26) निवासी चैनपुर, जिला करौली, हाल नीलगिरी अपार्टमेंट, प्रताप नगर और पुष्पेंद्र मीणा निवासी चैनपुर, जिला करौली, नीलगिरी अपार्टमेंट, प्रताप नगर के रूप में हुई है। दोनों को जयपुर लाकर पूछताछ की गई। इसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम से कैश निकालकर कर्मचारी बाहर आए थे। इसी दौरान अक्षयपात्र मंदिर के पास तीन बदमाशों ने उन्हें हथियार की नोक पर रोक लिया। बदमाश कर्मचारियों के पास मौजूद करीब 42 लाख रुपए से भरा बैग लेकर फरार हो गए थे। वारदात के बाद रामनगरिया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मामले में शामिल पुष्पेंद्र मीणा और सुमित जांगम करौली के जंगलों में छिपे हुए हैं। सूचना की पुष्टि के बाद रामनगरिया थाने से हेड कॉन्स्टेबल नाहर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को करौली भेजा गया।पुलिस टीम ने जंगल में आरोपियों की तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद दोनों को पकड़ लिया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों आरोपियों को जयपुर लेकर आई और उनसे पूछताछ की गई। पुलिस अब वारदात में शामिल अन्य लोगों और लूट की रकम से जुड़े सुरागों की जानकारी जुटा रही है।
इस मामले में पुलिस पहले ही एक महिला आरोपी अंशु कुमारी जाटव निवासी नदबई, भरतपुर को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस की जांच में अब तक लूटी गई रकम में से 26 लाख 80 हजार रुपए बरामद किए जा चुके हैं।पुलिस अब वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन और लूट की बाकी रकम की बरामदगी के प्रयास कर रही है। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कुल कितने लोग शामिल थे और लूटी गई रकम को आरोपियों ने कहां छिपाया था। दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद मामले में और खुलासे होने की संभावना है।
