पुष्कर मेले में देसी खिलाड़ियों ने विदेशियों को कबड्डी में 33-21 से हराया, वीडियो में देंखे ढोल की थाप पर दोनों टीमों ने किया डांस
राजस्थान के प्रसिद्ध पुष्कर मेले में इन दिनों देशी और विदेशी पर्यटकों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। मेले में देसी और विदेशी खिलाड़ियों के बीच कबड्डी का मुकाबला खेला गया। इसमें देसी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विदेशी खिलाड़ियों को 33-21 से हरा दिया। हालांकि विदेशी खिलाड़ी मैच हार गए, लेकिन उन्होंने मैदान पर अपनी ताकत और खेल भावना का खूब प्रदर्शन किया। मुकाबले के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने ढोल की थाप पर जमकर डांस किया।
कबड्डी मैच के दौरान दोनों टीमों के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिली। विदेशी खिलाड़ियों ने भी देसी खिलाड़ियों को कड़ी चुनौती दी। मुकाबले में कई ऐसे पल आए, जब विदेशी खिलाड़ियों ने देसी टीम के खिलाड़ियों को पकड़कर मैदान में पटक दिया। एक मौके पर तो एक देसी खिलाड़ी की टी-शर्ट तक फट गई। मैदान में मौजूद दर्शकों ने खिलाड़ियों के दमखम और मुकाबले का जमकर आनंद लिया।विदेशी खिलाड़ियों ने भले ही मुकाबला गंवा दिया, लेकिन उनका उत्साह कम नहीं हुआ। मैच खत्म होने के बाद उन्होंने देसी खिलाड़ियों के साथ मिलकर ढोल की थाप पर नृत्य किया। इस दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच दोस्ताना माहौल देखने को मिला।
कल से शुरू होगा पंचतीर्थ स्नान
पुष्कर मेले में अब धार्मिक गतिविधियां भी तेज होने जा रही हैं। कार्तिक एकादशी से ब्रह्म सरोवर में पंचतीर्थ स्नान शुरू होगा। इसके साथ ही धार्मिक मेले की औपचारिक शुरुआत हो जाएगी। श्रद्धालु पवित्र सरोवर में स्नान कर पूजा-अर्चना करेंगे। धार्मिक मेले का समापन 24 नवंबर को महास्नान के साथ होगा।पंचतीर्थ स्नान और सप्ताहांत के चलते मेले के आखिरी दिनों में पुष्कर में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना है। देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंच सकते हैं। इसे देखते हुए प्रशासन और नगर परिषद की ओर से व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
आध्यात्मिक यात्रा की तैयारियां शुरू
पंचतीर्थ स्नान के साथ ही कल से शुरू होने वाली आध्यात्मिक यात्रा को लेकर भी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। नगर परिषद इस यात्रा को भव्य स्वरूप देने में जुटी है। इसके लिए पुष्कर के बाजारों में भगवा ध्वज लगाए जा रहे हैं। यात्रा मार्ग को आकर्षक बनाने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।यात्रा मार्ग पर सफाई, लाइनिंग और यातायात व्यवस्था को लेकर काम चल रहा है। नगर परिषद की टीमें बाजारों और प्रमुख रास्तों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुटी हैं, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो।
आखिरी दिनों में बढ़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़
पुष्कर मेले में धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के चलते अब रौनक बढ़ने लगी है। एक ओर कबड्डी जैसे खेलों के जरिए विदेशी पर्यटक भारतीय खेल संस्कृति का हिस्सा बन रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पंचतीर्थ स्नान और आध्यात्मिक यात्रा के चलते धार्मिक माहौल भी बनने लगा है।सप्ताहांत और पंचतीर्थ स्नान के संयोग को देखते हुए मेले के अंतिम दिनों में पुष्कर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन के सामने यातायात, सफाई, सुरक्षा और स्नान की व्यवस्थाएं सुचारू बनाए रखने की चुनौती रहेगी।
