Aapka Rajasthan

पिता की हत्या का बदला लेने के लिए अनीश गोल्या ने रची विजय बाजिया के कत्ल की साजिश, 250 रुपये में खरीदी कुल्हाड़ी; इंस्टाग्राम रील से खोजा कार नंबर, 4 गिरफ्तार

पिता की हत्या का बदला लेने के लिए अनीश गोल्या ने रची विजय बाजिया के कत्ल की साजिश, 250 रुपये में खरीदी कुल्हाड़ी; इंस्टाग्राम रील से खोजा कार नंबर, 4 गिरफ्तार
 
पिता की हत्या का बदला लेने के लिए अनीश गोल्या ने रची विजय बाजिया के कत्ल की साजिश, 250 रुपये में खरीदी कुल्हाड़ी; इंस्टाग्राम रील से खोजा कार नंबर, 4 गिरफ्तार

जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की हत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी अनीश गोल्या ने अपने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए इस वारदात की योजना बनाई थी। उसने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर विजय की हत्या को अंजाम दिया। हैरानी की बात यह है कि आरोपियों को विजय की गाड़ी का नंबर याद नहीं था, इसलिए उन्होंने इंस्टाग्राम पर उसकी रील देखकर कार का नंबर पता किया। पुलिस ने वारदात के करीब पांच घंटे के भीतर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनीश गोल्या उर्फ जग्गू (21), कमलेश गोल्या उर्फ कमल उर्फ जोरू (23), युवराज चौधरी (23) और दिनेश चौधरी उर्फ दीनू के रूप में हुई है। चारों जोबनेर क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं और पुलिस के अनुसार 7007 गैंग से जुड़े हैं।

सात साल पुरानी रंजिश में रची हत्या की साजिश

पुलिस के मुताबिक, विजय बाजिया और अनीश गोल्या एक ही गांव के रहने वाले थे। वर्ष 2019 में जमीन विवाद के चलते विजय और उसके भाई पर अनीश के पिता कैलाश गोल्या की हत्या का आरोप लगा था। इसी घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच दुश्मनी चली आ रही थी। पुलिस का कहना है कि अनीश के मन में पिता की हत्या का बदला लेने की भावना थी। विजय के जमानत पर बाहर आने के बाद भी दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था।

सुबह 250 रुपये में खरीदी कुल्हाड़ी

पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात वाले दिन बुधवार सुबह अनीश और उसका साथी कमलेश ग्वार बेचने जा रहे थे। इसी दौरान गांव के पास उनकी विजय से कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों हिंगोनिया पहुंचे और वहां से तीन कुल्हाड़ियां खरीदीं। एक कुल्हाड़ी की कीमत करीब 250 रुपये बताई गई है। आरोपियों ने बढ़ई से कुल्हाड़ियों में मजबूत लकड़ी के हत्थे लगवाए और उनकी धार तेज करवाई।

इसके बाद अनीश और कमलेश ने अपने दो अन्य साथियों युवराज और दिनेश को भी योजना में शामिल कर लिया। चारों विजय की तलाश में निकल पड़े।

इंस्टाग्राम रील देखकर पता किया फॉर्च्यूनर का नंबर

आरोपियों को पता था कि विजय फॉर्च्यूनर गाड़ी में घूमता है, लेकिन पीछा करने के दौरान वे उसकी गाड़ी का नंबर भूल गए। ऐसे में उन्होंने इंस्टाग्राम पर विजय की रील देखी। रील में दिखाई दे रही गाड़ी के आधार पर उन्होंने उसका नंबर 0302 पता किया। इसके बाद आरोपी उसकी तलाश में कालवाड़ रोड की ओर पहुंच गए।

टक्कर मारकर रोकी गाड़ी, फिर कुल्हाड़ियों से हमला

पुलिस के अनुसार, रॉयल सिटी चौराहे के पास आरोपियों को विजय की फॉर्च्यूनर दिखाई दी। इसके बाद उन्होंने अपनी कैंपर गाड़ी से उसका पीछा शुरू कर दिया। रात करीब आठ बजे विजय की गाड़ी को टक्कर मारी गई। वह आगे बढ़ा तो आरोपियों ने जगदंबा नगर मोड़ के पास दोबारा टक्कर मार दी। इससे उसकी गाड़ी का टायर फट गया और वह वहीं फंस गया। इसके बाद आरोपियों ने विजय पर कुल्हाड़ियों और अन्य हथियारों से हमला कर दिया। हमले में उसकी मौत हो गई।

पांच घंटे में पुलिस ने चारों को दबोचा

वारदात के बाद आरोपियों ने रात 8 बजकर 12 मिनट पर अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से उनकी पहचान की। घटना के दौरान एक स्थानीय व्यक्ति ने मोबाइल से वीडियो भी बनाया था, जिससे पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिली। देर रात और तड़के पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया।

जयपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश की विशेष टीम ने आरोपियों के घरों पर भी दबिश दी। इस दौरान अनीश के घर से एक ट्रैक्टर और एक जीप, जबकि कमलेश के घर से दो ट्रैक्टर और एक कार जब्त की गई। पुलिस अब मामले में अन्य संभावित आरोपियों और वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।