भारत-पाक तनाव के बीच राजस्थान के पर्यटन को लगा अरबों रूपए का फटका, 80 फीसदी बुकिंग्स रद्द
भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव का सीधा असर राजस्थान के पर्यटन उद्योग पर पड़ रहा है। हाल ही में प्रदेशभर के होटलों में 80 फीसदी बुकिंग कैंसिल हो गई हैं। इससे होटल और ट्रैवल इंडस्ट्री को करीब 500 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। बुकिंग कैंसिल कराने वालों में ज्यादातर विदेशी पर्यटक हैं।
होटल खाली, पर्यटक नदारद
प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। सीमावर्ती जिलों जैसलमेर, बीकानेर और जोधपुर में पर्यटकों की आमद कम हो गई है। इसके साथ ही राजधानी जयपुर में भी पर्यटकों की संख्या में भारी गिरावट दर्ज की गई है। पिछले महीने के मुकाबले इस महीने विदेशी पर्यटकों की संख्या आधी से भी कम रह गई है। स्थानीय पर्यटकों की संख्या भी लगातार कम हो रही है।
ऑफ सीजन 6 महीने का होता है
पर्यटन के लिए ऑफ सीजन 1 अप्रैल से सितंबर तक 6 महीने का होता है। इस दौरान राजधानी में कम विदेशी पर्यटक आते हैं। इस बार अच्छे मौसम के चलते अप्रैल की शुरुआत तक विदेशी पर्यटकों की आवक अच्छी रही, लेकिन पहलगाम हमले के बाद यहां पर्यटकों की संख्या में गिरावट आई। प्रदेश भर के होटलों में करीब 80 फीसदी बुकिंग रद्द हो चुकी है। फिलहाल 10 फीसदी कमरे भी बुक नहीं हो रहे हैं। इससे पर्यटन उद्योग को करीब 500 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। हमें उम्मीद है कि जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी। विदेशी पर्यटक बुकिंग रद्द कर रहे हैं और होटल संचालक उन्हें पूरा रिफंड दे रहे हैं। इस समय हमारी प्राथमिकता पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। आमेर पैलेस और हवा महल जैसे प्रमुख स्थलों पर आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय गिरावट आई है।
