Aapka Rajasthan

बीडीके अस्पताल में लापरवाही का आरोप: वीडियो में देंखे मासूम को कथित तौर पर गलत दवा देने का मामला, जांच शुरू

बीडीके अस्पताल में लापरवाही का आरोप: वीडियो में देंखे मासूम को कथित तौर पर गलत दवा देने का मामला, जांच शुरू
 
बीडीके अस्पताल में लापरवाही का आरोप: वीडियो में देंखे मासूम को कथित तौर पर गलत दवा देने का मामला, जांच शुरू

बीडीके अस्पताल की इमरजेंसी फार्मेसी में मरीजों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि तेज बुखार से पीड़ित एक मासूम बच्चे को डॉक्टर द्वारा लिखी गई दवा की जगह कथित रूप से दूसरी दवा दे दी गई, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया है।परिजनों ने फार्मेसी काउंटर पर तैनात स्टाफ पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि वहां मौजूद कर्मचारी नशे की हालत में था और ठीक से काम नहीं कर पा रहा था। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि दवा वितरण के दौरान गंभीर गलती हुई और पर्चे में लिखी दवा के बजाय दूसरी दवा थमा दी गई।

यह घटना रविवार रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है, जब एक परिवार अपने छोटे बच्चे को तेज बुखार की शिकायत के चलते बीडीके अस्पताल की इमरजेंसी यूनिट में लेकर पहुंचा था। इलाज के दौरान दवा लेने के समय यह कथित लापरवाही सामने आई।मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित कर्मचारी रवींद्र सिंह को एपीओ (Awaiting Posting Order) कर दिया है। रवींद्र सिंह एनएचएम के तहत संविदा पर तैनात बताए जा रहे हैं।

अस्पताल प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी भी गठित कर दी है, जो यह पता लगाएगी कि वास्तव में दवा में कोई गलती हुई थी या नहीं और कर्मचारी की स्थिति क्या थी।अधिकारियों के अनुसार, जांच में यह भी देखा जाएगा कि फार्मेसी काउंटर पर ड्यूटी के दौरान निर्धारित नियमों का पालन किया गया था या नहीं। साथ ही, यह भी स्पष्ट किया जाएगा कि कर्मचारी की स्थिति को लेकर लगाए गए आरोप कितने सही हैं।

इस घटना के सामने आने के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली और मरीज सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल अस्पताल प्रशासन जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।