वायु शक्ति 2026 का पोकरण में आगाज़, वीडियो में देंखे सुपरसोनिक बूम से गूंजा आसमान
राजस्थान के पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज में शुक्रवार शाम भारतीय वायु सेना के मेगा युद्धाभ्यास वायु शक्ति 2026 का भव्य आगाज़ हुआ। सुपरसोनिक बूम के साथ शुरू हुए इस अभ्यास में आधुनिक हवाई ताकत और सामरिक क्षमता का प्रदर्शन किया गया।
अभ्यास के दौरान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के पूरे दृश्य को सजीव रूप में प्रस्तुत किया गया। उसी रणनीति के तहत भारतीय वायु सेना के लड़ाकू विमानों ने दुश्मन के रनवे और हैंगर को निशाना बनाने का प्रदर्शन किया। जगुआर और मिराज लड़ाकू विमानों ने एक साथ सटीक हमले कर सिमुलेटेड टारगेट को ध्वस्त किया। यह दृश्य बिल्कुल वैसा ही था जैसा ऑपरेशन सिंदूर के दौरान रणनीतिक लक्ष्यों पर संयुक्त हमला किया गया था।
अभ्यास का आकर्षण महिला फाइटर पायलट Avani Chaturvedi रहीं। उन्होंने Sukhoi Su-30MKI से डॉग फाइट का प्रदर्शन किया। सुखोई ने जगुआर विमान के साथ हवा में रोमांचक युद्धाभ्यास किया और सिमुलेटेड टारगेट को सफलतापूर्वक हिट किया। दर्शकों ने इस साहसिक प्रदर्शन पर तालियां बजाकर उत्साह व्यक्त किया।
वायु सेना ने यह भी प्रदर्शित किया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान किस तरह दुश्मन के रडार और एयर डिफेंस सिस्टम की लोकेशन का पता लगाकर उन्हें निष्क्रिय किया गया। इस दौरान डिकॉय ऑपरेशन भी दिखाया गया, जिसमें दुश्मन को भ्रमित कर वास्तविक लक्ष्य पर सटीक प्रहार किया गया।
युद्धाभ्यास में विभिन्न लड़ाकू विमानों, ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट और हेलीकॉप्टरों ने हिस्सा लिया। रॉकेट, मिसाइल और प्रिसिजन गाइडेड हथियारों का प्रदर्शन किया गया। इससे भारतीय वायु सेना की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता और तकनीकी श्रेष्ठता का परिचय मिला।
विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे अभ्यास न केवल सेना की तैयारियों को परखते हैं, बल्कि संभावित खतरों के प्रति रणनीतिक संदेश भी देते हैं। पोकरण की धरती पर गूंजते सुपरसोनिक बूम ने यह स्पष्ट कर दिया कि भारतीय वायु सेना हर चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह सक्षम और तैयार है।
