सूने मकान में चोरी के बाद चोरों ने रसोई में बनाई दाल-रोटी, वीडियो में जाने खाना खाकर हुए फरार; 20 हजार रुपए नकद चुराए
जिले के सीमलवाड़ा स्थित देवभूमि कॉलोनी में चोरी की एक अजीबोगरीब वारदात सामने आई है। यहां एक शिक्षक दंपती के सूने मकान को निशाना बनाने वाले चोरों ने पहले घर के ताले तोड़े और अंदर घुसकर 20 हजार रुपए नकद चुरा लिए। इसके बाद चोरों ने घर की रसोई में दाल-रोटी बनाई और आराम से खाना खाकर वहां से फरार हो गए। घर में जूठे बर्तन देखकर शिक्षक दंपती भी हैरान रह गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना शिक्षक दंपती श्यामल उपाध्याय और उनकी पत्नी सोना जोशी के घर हुई। दोनों पेशे से शिक्षक हैं। बताया जा रहा है कि बीती रात किसी काम से दोनों घर पर मौजूद नहीं थे। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया।
ताले तोड़कर घर में घुसे चोर
पुलिस के अनुसार चोरों ने मकान के मुख्य दरवाजे के ताले तोड़े और घर के अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने सामान खंगाला और घर में रखी नकदी में से करीब 20 हजार रुपए चुरा लिए। चोरी करने के बाद चोरों ने घर से निकलने के बजाय रसोई का रुख किया।चोरों ने रसोई में रखे सामान से दाल-रोटी बनाई और खाना खाया। इसके बाद उन्होंने बर्तन वहीं छोड़ दिए और घर से फरार हो गए। घटनास्थल पर मिले जूठे बर्तनों से पुलिस को भी वारदात के इस असामान्य पहलू का पता चला।
घर लौटे शिक्षक दंपती तो मचा हड़कंप
शिक्षक दंपती जब रात में अपने घर वापस लौटे तो दरवाजे के ताले टूटे हुए मिले। घर के अंदर सामान अस्त-व्यस्त देखकर उन्हें चोरी होने का अंदेशा हुआ। जांच करने पर घर से नकदी गायब मिली।इसके बाद जब दंपती रसोई में पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर हैरान रह गए। रसोई में चोरों द्वारा बनाई गई दाल-रोटी रखी हुई थी और जूठे बर्तन भी पड़े थे। इससे साफ हुआ कि चोरी करने के बाद आरोपी काफी देर तक घर में रुके और खाना बनाकर खाया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना शिक्षक दंपती ने तत्काल धंबोला थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने टूटे हुए ताले, घर में बिखरे सामान और रसोई में मिले जूठे बर्तनों समेत अन्य साक्ष्यों को जांच में शामिल किया है।पुलिस अब आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। साथ ही पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोर कितने थे और वारदात को अंजाम देने के बाद किस रास्ते से फरार हुए।शिक्षक दंपती के घर हुई इस चोरी में नकदी के नुकसान के साथ चोरों का रसोई में खाना बनाकर खाना इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आरोपियों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
