Aapka Rajasthan

जयपुर में मैगी खाने के बाद 7 साल की बच्ची की मौत, बड़ी बहन की भी बिगड़ी तबीयत: फुटेज में देंखे सुबह बनी थी नूडल्स, दोपहर में खाकर सो गई थीं दोनों; पुलिस को फूड पॉइजनिंग की आशंका

जयपुर में मैगी खाने के बाद 7 साल की बच्ची की मौत, बड़ी बहन की भी बिगड़ी तबीयत: फुटेज में देंखे सुबह बनी थी नूडल्स, दोपहर में खाकर सो गई थीं दोनों; पुलिस को फूड पॉइजनिंग की आशंका
 
जयपुर में मैगी खाने के बाद 7 साल की बच्ची की मौत, बड़ी बहन की भी बिगड़ी तबीयत: फुटेज में देंखे सुबह बनी थी नूडल्स, दोपहर में खाकर सो गई थीं दोनों; पुलिस को फूड पॉइजनिंग की आशंका

राजस्थान की राजधानी जयपुर में मैगी खाने के बाद सात साल की बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जबकि उसकी 18 वर्षीय बड़ी बहन की तबीयत भी बिगड़ गई। घटना करधनी थाना क्षेत्र के कालवाड़ रोड स्थित मंगलम सिटी की है। गुरुवार शाम जब मां घर पहुंची और दोनों बेटियों को जगाने गई तो बड़ी बेटी दिव्यांशी उठते ही उल्टियां करने लगी, जबकि छोटी बेटी पीहू ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। परिजन दोनों को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने पीहू को मृत घोषित कर दिया, जबकि दिव्यांशी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।पुलिस प्रारंभिक जांच में खाद्य विषाक्तता यानी फूड पॉइजनिंग की आशंका जता रही है। हालांकि, बच्ची की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

माता-पिता अस्पताल में भर्ती बेटे को देखने गए थे

परिवार के मुताबिक, गुरुवार सुबह पीहू के माता-पिता चौमूं के सिद्धि विनायक अस्पताल में भर्ती अपने बेटे गोविंद को देखने गए थे। घर पर 18 वर्षीय दिव्यांशी, 17 वर्षीय गुलशन, 14 वर्षीय समर और सात वर्षीय पीहू मौजूद थे।इसी दौरान बच्चों ने मंगलम सिटी स्थित विकास किराना स्टोर से 60 रुपए का मैगी पैकेट खरीदा था। सुबह करीब 10 बजे समर ने पैकेट में से आधी मैगी बनाकर खाई। इसके बाद उसने बाकी नूडल्स अपनी बहन और भाई के लिए गैस पर छोड़ दिए और खेलने चला गया।

दोपहर 3 बजे दोनों बहनों ने खाई मैगी

परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 3 बजे दिव्यांशी और पीहू ने सुबह बनी हुई मैगी खाई। खाना खाने के बाद दोनों बहनें अपने कमरे में सो गईं। शाम करीब 5 बजे मां मीना घर पहुंचीं। उन्होंने बच्चों को आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।इसके बाद मां कमरे में गईं और दोनों बेटियों को जगाने लगीं। दिव्यांशी जैसे ही उठी, उसे उल्टियां होने लगीं। मां ने छोटी बेटी पीहू को भी जगाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं उठी। यह देखकर परिवार के लोग घबरा गए और दोनों बच्चियों को तुरंत मंगलम सिटी के पास स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे।

डॉक्टरों ने पीहू को मृत घोषित किया

अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद सात वर्षीय पीहू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दिव्यांशी को प्राथमिक उपचार दिया गया। उसकी हालत में सुधार होने के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। छोटी बेटी की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।घटना की सूचना मिलने पर करधनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीहू के शव को पोस्टमार्टम के लिए कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से कराया जाना है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

करधनी थाना पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला खाद्य विषाक्तता का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि बच्ची की मौत मैगी खाने की वजह से ही हुई। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।