धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद जयपुर में छात्रों का जश्न, शहीद स्मारक पर जुटे युवा; वीडियो में बोले- मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा धरना
दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए लाठीचार्ज के विरोध और NEET पेपर लीक मामले को लेकर राजस्थान में भी छात्रों का प्रदर्शन जारी है। जयपुर के शहीद स्मारक पर बड़ी संख्या में छात्र और युवा जुटे हैं। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर के बाद प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने नाच-गाकर और नारे लगाकर अपनी खुशी जाहिर की। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि यह आंदोलन केवल इस्तीफे तक सीमित नहीं है, बल्कि परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर है। छात्रों ने कहा कि जब तक धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा आधिकारिक रूप से स्वीकार नहीं किया जाता, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।
शहीद स्मारक पर छात्रों ने मनाई खुशी
जयपुर के शहीद स्मारक पर शनिवार को बड़ी संख्या में छात्र एकत्र हुए। धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की जानकारी सामने आने के बाद छात्रों में उत्साह देखने को मिला। कई छात्र नारे लगाते हुए और डांस करते हुए नजर आए।छात्रों का कहना है कि लंबे समय से चल रहे आंदोलन के बाद उनकी आवाज सरकार तक पहुंची है। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि अभी उनकी लड़ाई खत्म नहीं हुई है और बाकी मांगों को लेकर प्रदर्शन जारी रहेगा।
पेपर लीक के खिलाफ छात्रों में आक्रोश
NEET समेत राजस्थान की कई प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के आरोपों को लेकर छात्रों और युवाओं में नाराजगी बनी हुई है। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से मेहनत करने वाले लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित होता है।छात्र परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए मजबूत व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।
राजस्थान यूनिवर्सिटी में छात्र नेता की भूख हड़ताल जारी
वहीं, राजस्थान यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट पर छात्र नेता शुभम रेवाड़ पिछले तीन दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे हैं। उन्होंने भी NEET और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ आवाज उठाई है।छात्र नेताओं का कहना है कि जब तक सरकार छात्रों की मांगों पर ठोस कदम नहीं उठाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की भी निंदा की।
देशभर में तेज हुआ छात्र आंदोलन
NEET पेपर लीक विवाद को लेकर देश के कई हिस्सों में छात्र सड़कों पर उतर रहे हैं। दिल्ली के जंतर-मंतर से लेकर राजस्थान, पंजाब और उत्तर प्रदेश तक छात्र परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग उठा रहे हैं।छात्रों का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था में विश्वास बनाए रखने के लिए सरकार को जल्द प्रभावी कदम उठाने होंगे। अब सभी की नजर सरकार और छात्रों के बीच होने वाली बातचीत और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।
