शराब पार्टी में कहासुनी के बाद बदला लेने के लिए कार से बाइक को मारी टक्कर, फुटेज में देंखे युवक की मौत
जयपुर में शराब पार्टी के दौरान हुई कहासुनी का विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक की कार से बाइक को टक्कर मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि विवाद के बाद बदला लेने के लिए आरोपी ने बाइक सवार युवकों को पीछे से कार से टक्कर मारी। हादसे के बाद कार आगे खड़े ट्रक से जा भिड़ी, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना कानोता थाना इलाके की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान रोहित सैनी के रूप में हुई है। हादसे में उसका दोस्त सुनील सैनी भी घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने SMS अस्पताल में मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया। कानोता थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और घटना में इस्तेमाल कार को जब्त कर लिया है।जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात प्रॉपर्टी कारोबारी के यहां काम करने वाले रोहित सैनी, सुनील सैनी और सुरेन्द्र यादव ने साथ में शराब पार्टी की थी। पार्टी के दौरान रोहित और सुरेन्द्र के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच गाली-गलौच भी हुई। कुछ देर बाद मामला शांत हो गया और तीनों ने दोबारा शराब पार्टी शुरू कर दी।
रात करीब 3 बजे रोहित और सुनील बाइक से कानोता पुलिया के पास स्थित राठौड़ पेट्रोल पंप के नजदीक पहुंचे। इसी दौरान सुरेन्द्र यादव भी कार लेकर वहां पहुंच गया। बताया जा रहा है कि तीनों कुछ देर खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान पुरानी कहासुनी को लेकर एक बार फिर उनके बीच विवाद हो गया।झगड़े के बाद रोहित और सुनील बाइक लेकर वहां से निकलने लगे। आरोप है कि इसी दौरान सुरेन्द्र यादव ने पीछे से कार दौड़ाकर उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद कार आगे खड़े ट्रक से जा टकराई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान रोहित की मौत हो गई, जबकि सुनील का उपचार जारी है। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है।प्रारंभिक जांच में कार के प्रॉपर्टी कारोबारी के नाम होने और उसे सुरेन्द्र यादव द्वारा चलाए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद, घटनास्थल पर मौजूद लोगों और आरोपी की भूमिका से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
