श्रीगंगानगर में दो कारोबारियों से 10 करोड़ की रंगदारी मांगने का आरोप, वीडियो में जाने कॉलर ने खुद को बताया लॉरेंस बिश्नोई का भाई
श्रीगंगानगर में रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के दो मामले सामने आए हैं। पेट्रोल पंप कारोबारी और इलेक्ट्रॉनिक शोरूम के मालिक से 5-5 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई। कॉल करने वाले ने खुद को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई आरजू बिश्नोई बताया और रकम नहीं देने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी।कारोबारी को धमकी देने के दौरान कॉलर ने उसकी सफेद रंग की डिफेंडर गाड़ी का भी जिक्र किया। उसने कहा कि गाड़ी कलेक्ट्रेट के पास खड़ी थी और उसके आदमी वहीं मौजूद थे। मामले में कारोबारी ने पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह के धमकी भरे कॉल आने पर घबराएं नहीं और तुरंत पुलिस को सूचना दें।
कॉलर बोला- 5 करोड़ देने हैं, नहीं तो चमत्कार दिखा देंगे
कारोबारी के अनुसार, 2 नवंबर की रात करीब 11 बजे उसके पास फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को आरजू बिश्नोई बताते हुए कहा कि उसकी सफेद रंग की डिफेंडर गाड़ी कलेक्ट्रेट के पास खड़ी थी। उसने दावा किया कि उसके लड़के गाड़ी के शीशे के पास ही मौजूद थे।कॉलर ने धमकी भरे अंदाज में कहा, “चमत्कार दिखाना था तेरे को, या तो कॉल कर लेना, नहीं तो चमत्कार दिखा देंगे। 5 करोड़ देने हैं तुझे।”शिकायतकर्ता ने बताया कि कॉल करने वाले को उसके पेट्रोल पंप कारोबार की जानकारी थी। उसने यह भी कहा कि उसके आदमी कारोबारी पर नजर रख रहे हैं और आसपास मौजूद हैं। 5 करोड़ रुपए नहीं देने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।
8 दिन में रंगदारी मांगने का तीसरा मामला
श्रीगंगानगर में रंगदारी के लिए धमकाने का यह 8 दिन में तीसरा मामला बताया जा रहा है। इससे पहले 25 अक्टूबर को जिला परिषद प्रत्याशी से 2 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया था।अब पेट्रोल पंप कारोबारी और इलेक्ट्रॉनिक शोरूम मालिक को 5-5 करोड़ रुपए की धमकी मिलने से व्यापारियों में चिंता का माहौल है। दोनों कारोबारियों से कुल 10 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने की बात सामने आई है।
पुलिस ने कारोबारियों से की अपील
मामले में पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान नंबर से रंगदारी या धमकी भरा फोन आने पर घबराएं नहीं। कॉल करने वाले की बातों में आकर कोई कदम न उठाएं और तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें।फिलहाल शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। कॉल करने वाले की पहचान और धमकी के पीछे की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
