जयपुर में 400 करोड़ की ई-स्क्रिप चोरी का आरोपी गुजरात से गिरफ्तार, अपने ICEGATE अकाउंट में करवाता था ट्रांसफर; वीडियो में जानें पूरा साइबर फ्रॉड
जयपुर पुलिस ने करीब 400 करोड़ रुपये की ई-स्क्रिप चोरी और साइबर धोखाधड़ी के मामले में नौ महीने से फरार चल रहे एक आरोपी को गुजरात से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान ज्ञान रंजन स्वैन के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह गिरोह के मुख्य आरोपियों के साथ मिलकर चोरी की गई ई-स्क्रिप अपने ICEGATE अकाउंट में ट्रांसफर करवाता था। इसके बाद इन स्क्रिप को आयातकों को बेचकर रकम आपस में बांट ली जाती थी।
आरोपी के खाते में ट्रांसफर हुईं 80 करोड़ की स्क्रिप
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के ICEGATE अकाउंट के जरिए करीब 80 करोड़ रुपये की ई-स्क्रिप ट्रांसफर की गई थीं। आरोपी इन स्क्रिप को अपने खाते में प्राप्त करने के बाद आयातकों को बेचने में मदद करता था। इससे मिलने वाली रकम मुख्य आरोपियों के साथ बांट ली जाती थी।
पुलिस पिछले करीब नौ महीने से उसकी तलाश कर रही थी। डिजिटल साक्ष्यों और बैंक खातों की जांच के आधार पर उसकी भूमिका सामने आई। इसके बाद विशेष टीम ने गुजरात में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
फर्जी डिजिटल सिग्नेचर से करते थे करोड़ों की चोरी
जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह ने निर्यातकों को मिलने वाली सरकारी प्रोत्साहन राशि की ई-स्क्रिप चोरी करने के लिए फर्जी डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट (DSC) का इस्तेमाल किया। आरोपियों ने फर्जी आधार और पैन कार्ड के जरिए डिजिटल सिग्नेचर तैयार करवाए और विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) के पोर्टल पर अनधिकृत तरीके से प्रवेश किया।
इसके बाद कंपनियों की प्रोफाइल में बदलाव कर ईमेल और मोबाइल नंबर बदल दिए जाते थे। फिर निर्यातकों के खातों से RoDTEP जैसी योजनाओं के तहत मिलने वाली ई-स्क्रिप दूसरे फर्जी आयातक-निर्यातक कोड (IEC) खातों में ट्रांसफर कर दी जाती थीं।
आयातकों को बेचकर बांटते थे रकम
चोरी की गई ई-स्क्रिप को बाजार में आयातकों को बेचा जाता था। इससे मिलने वाली रकम अलग-अलग बैंक खातों के जरिए घुमाई जाती थी, ताकि लेन-देन का पता लगाना मुश्किल हो। पुलिस के अनुसार, इस पूरे नेटवर्क में कई लोग शामिल हैं और इसके तार अलग-अलग राज्यों के साथ विदेश तक जुड़े होने की आशंका है।
अब तक 12 आरोपी गिरफ्तार
जयपुर पुलिस इस मामले में अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अप्रैल 2026 में पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जांच लगातार आगे बढ़ाई गई। पुलिस अब ज्ञान रंजन स्वैन से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों, चोरी की गई स्क्रिप की बिक्री और पैसों के लेन-देन का पता लगा रही है।
