Aapka Rajasthan

भरतपुर में मकान की दीवार ढहने से हादसा, 8 महिलाएं दब गईं; फुटेज में देंखे एक की मौत, 7 का इलाज जारी

भरतपुर में मकान की दीवार ढहने से हादसा, 8 महिलाएं दब गईं; फुटेज में देंखे एक की मौत, 7 का इलाज जारी
 
भरतपुर में मकान की दीवार ढहने से हादसा, 8 महिलाएं दब गईं; फुटेज में देंखे एक की मौत, 7 का इलाज जारी

राजस्थान के भरतपुर जिले में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां मकान की दीवार अचानक गिरने से 8 महिलाएं मलबे में दब गईं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और मलबे में दबी महिलाओं को बाहर निकाला। सभी घायलों को इलाज के लिए आरबीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं, बाकी 7 घायल महिलाओं का इलाज जारी है। घटना भरतपुर के सेवर इलाके के सिलीघर मोहल्ले की बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।

बाजार जाते समय महिलाओं पर गिरी दीवार

प्रत्यक्षदर्शी संजय डांगी ने बताया कि सिलीघर मोहल्ले की कुछ महिलाएं सामान लेने के लिए बाजार की ओर जा रही थीं। इसी दौरान अचानक मकान की दीवार भरभराकर गिर गई और उसके नीचे महिलाएं दब गईं।दीवार गिरने के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने बिना देर किए मलबा हटाना शुरू किया और महिलाओं को बाहर निकाला। पहले घायलों को सेवर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को भरतपुर के आरबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया।

बंदर के कूदने से दीवार गिरने की आशंका

भरतपुर कलेक्टर कमर चौधरी ने हादसे को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बंदर के छत पर बनी दीवार पर कूदने से वह अचानक गिर गई। हादसे के समय वहां से गुजर रहीं महिलाएं इसकी चपेट में आ गईं।कलेक्टर ने बताया कि मलबे में दबी सभी महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हादसे में एक महिला की मौत हुई है, जबकि अन्य घायल महिलाओं का इलाज अस्पताल में चल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की टीमें मामले की जांच कर रही हैं।

मौके पर पहुंची राहत टीमें

हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया गया। लोगों ने दीवार की पट्टियां हटाकर महिलाओं को बाहर निकाला। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की टीमें भी मौके पर पहुंचीं।अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिया गया है।

इलाके में फैली दहशत

अचानक हुए इस हादसे से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय गों के मुताबिक, कुछ ही पलों में दीवार गिर गई और महिलाओं को संभलने का मौका तक नहीं मिला। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।भरतपुर प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पुराने और कमजोर मकानों की दीवारों व संरचनाओं को लेकर सावधानी बरतें, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।