जयपुर कलेक्ट्रेट में ACB का बड़ा ट्रैप: एडीएम ईस्ट के पीए को ₹1 लाख रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा, वीडियो में जाने बिल पास कराने के नाम पर मांगी थी घूस
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने जयपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए एडीएम ईस्ट (आरएएस अधिकारी) के निजी सहायक (पीए) मुकेश चौधरी को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्ता किया है। आरोपी पर परीक्षा संबंधी लॉजिस्टिक कार्य के बिल पास कराने की एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। जानकारी के अनुसार, परिवादी ने एसीबी को शिकायत दी थी कि एडीएम ईस्ट कार्यालय में कार्यरत पीए मुकेश चौधरी परीक्षा संबंधी लॉजिस्टिक कार्यों के बिल पास कराने के बदले करीब 1.50 लाख रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा है।
शिकायत के सत्यापन के बाद बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने आरोपों का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने पर बुधवार दोपहर करीब 2 बजे ट्रैप की कार्रवाई की गई।एसीबी की टीम ने जयपुर कलेक्ट्रेट स्थित एडीएम ईस्ट कार्यालय में दबिश देकर मुकेश चौधरी को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई।
परीक्षा लॉजिस्टिक के बिल पास कराने का मामला
एसीबी के एडिशनल एसपी सुनील सिहाग ने बताया कि हाल ही में फॉरेस्टर और ग्रेड सेकंड शिक्षक भर्ती परीक्षा आयोजित हुई थी। इन परीक्षाओं के दौरान परिवादी की करीब 80 से 100 गाड़ियां लॉजिस्टिक सपोर्ट के लिए लगाई गई थीं।इन वाहनों का उपयोग परीक्षा केंद्रों तक प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट पहुंचाने तथा परीक्षा समाप्त होने के बाद उन्हें सुरक्षित वापस एडीएम कार्यालय तक लाने के लिए किया गया था। इसी कार्य के भुगतान से जुड़े बिलों को पास कराने के बदले आरोपी ने कथित रूप से रिश्वत की मांग की थी।
एसीबी कर रही है पूछताछ
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि रिश्वत की मांग में कोई अन्य अधिकारी या कर्मचारी भी शामिल था या नहीं। मामले में रिश्वतखोरी के पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच की जा रही है।एसीबी अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जयपुर कलेक्ट्रेट में हुई इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
