Aapka Rajasthan

जयपुर में ACB की बड़ी कार्रवाई: 20 हजार रुपए रिश्वत लेते कॉन्स्टेबल रंगे हाथ गिरफ्तार

जयपुर में ACB की बड़ी कार्रवाई: 20 हजार रुपए रिश्वत लेते कॉन्स्टेबल रंगे हाथ गिरफ्तार
 
जयपुर में ACB की बड़ी कार्रवाई: 20 हजार रुपए रिश्वत लेते कॉन्स्टेबल रंगे हाथ गिरफ्तार

राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने गुरुवार शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पुलिस कॉन्स्टेबल को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नोरत मीणा के रूप में हुई है, जो मुहाना थाना क्षेत्र में आपातकालीन सेवा 112 ईआरवी (ERV) में तैनात है।

एसीबी के अनुसार, आरोपी कॉन्स्टेबल पर एक परिवार के खिलाफ दर्ज मामले में कार्रवाई का दबाव कम करने और उन्हें राहत देने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन किया और ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।

योजना के तहत शिकायतकर्ता से तय राशि दिलवाई गई। जैसे ही कॉन्स्टेबल नोरत मीणा ने 20 हजार रुपए की रिश्वत ली, एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।गिरफ्तारी के बाद एसीबी ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही उसके ठिकानों और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी पहले भी इस तरह की गतिविधियों में शामिल रहा है या नहीं।

एसीबी अधिकारियों के अनुसार, रिश्वतखोरी के मामलों में किसी भी सरकारी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

एसीबी ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी किसी काम के बदले रिश्वत मांगता है तो इसकी सूचना तुरंत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को दें। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है और शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाती है।फिलहाल एसीबी की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और रिश्वतखोरी से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।