जयपुर में दीपावली पर सूने मकान को बनाया निशाना, वीडियो में जाने स्विफ्ट कार से आए बदमाश लाखों के गहने और नकदी ले उड़े
जयपुर में दीपावली के त्योहार पर चोरी की वारदात सामने आई है। बदमाशों ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपए कीमत के सोने-चांदी के गहने और नकदी चोरी कर ली। वारदात को अंजाम देने के लिए बदमाश स्विफ्ट कार से पहुंचे थे। घर के मालिक त्योहार मनाने रिश्तेदारों के यहां गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने मकान को निशाना बनाया। अब नारायण विहार थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
दीवार कूदकर घर में घुसे बदमाश
पुलिस के मुताबिक, मांग्यावास के ज्योति विहार निवासी अरुण झालानी ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। वह दीपावली के त्योहार पर जयपुर से बाहर अपने रिश्तेदारों के यहां गए हुए थे। घर सूना होने का फायदा उठाकर बदमाशों ने चोरी की योजना को अंजाम दिया।आरोपी स्विफ्ट कार से मकान के पास पहुंचे। इसके बाद मेन गेट के पास बनी दीवार को छलांगकर घर के अंदर दाखिल हो गए। बदमाशों ने पहले मकान में प्रवेश किया और फिर हॉल व कमरों के दरवाजों के लॉक तोड़ दिए।
अलमारी से गहने और नकदी चोरी
घर के अंदर पहुंचने के बाद बदमाशों ने अलमारी को निशाना बनाया। उसमें रखे सोने-चांदी के गहने और नकदी समेटकर फरार हो गए। चोरी की वारदात के दौरान घर में कोई मौजूद नहीं था, इसलिए बदमाशों को रोकने वाला कोई नहीं था।11 नवंबर की रात करीब साढ़े 10 बजे अरुण झालानी घर लौटे तो उन्हें चोरी का पता चला। मकान के अंदर सामान बिखरा हुआ था और अलमारी से गहने व नकदी गायब थे। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी और मामला दर्ज करवाया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सहायक उपनिरीक्षक राजकुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। बदमाशों के स्विफ्ट कार से आने की जानकारी मिली है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।पुलिस अब कार के नंबर और संदिग्धों की गतिविधियों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। फिलहाल चोरी हुए सामान की पूरी कीमत और आरोपियों की पहचान को लेकर जांच जारी है।
