Aapka Rajasthan

सिरोही में लव मैरिज की रंजिश में युवक की हत्या, फुटेज में देंखे घर में घुसकर कुल्हाड़ी-तलवार से किया हमला; गर्भवती पत्नी और मां भी घायल

सिरोही में लव मैरिज की रंजिश में युवक की हत्या, फुटेज में देंखे घर में घुसकर कुल्हाड़ी-तलवार से किया हमला; गर्भवती पत्नी और मां भी घायल
 
सिरोही में लव मैरिज की रंजिश में युवक की हत्या, फुटेज में देंखे घर में घुसकर कुल्हाड़ी-तलवार से किया हमला; गर्भवती पत्नी और मां भी घायल

राजस्थान के सिरोही जिले में लव मैरिज की रंजिश के चलते एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि पत्नी के चाचा और उसके साथ आए अन्य लोगों ने घर में घुसकर युवक पर कुल्हाड़ी, तलवार, दरांती और धारदार हथियारों से हमला किया। बीच-बचाव करने आई युवक की मां और गर्भवती पत्नी को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा। घटना में दोनों घायल हो गईं। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मृतक की पहचान मालगांव निवासी लक्ष्मण घांची के रूप में हुई है। उसने करीब एक साल पहले नागाणी निवासी नीरू से प्रेम विवाह किया था। लक्ष्मण मुंबई में नौकरी करता था और दिवाली के मौके पर अपनी गर्भवती पत्नी के साथ गांव आया हुआ था। वारदात 9 नवंबर की शाम करीब साढ़े 6 बजे अनादरा थाना क्षेत्र में हुई।

घर में पूजा की तैयारी कर रहा था परिवार

मृतक के भाई किशन ने पुलिस को बताया कि 9 नवंबर की शाम वह घर के बाहर खड़ा था। घर के अंदर उसकी मां हंजा देवी, भाई लक्ष्मण और भाभी नीरू रसोई में पूजा की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान शंकर अपने तीन बेटों जीतू, कमलेश और दीपक तथा एक अन्य व्यक्ति के साथ घर में घुस आया।

आरोपियों के हाथों में कुल्हाड़ी, दरांती, तलवार और अन्य हथियार थे। सभी ने एकराय होकर लक्ष्मण पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

बचाने आई मां और गर्भवती पत्नी पर भी हमला

किशन के अनुसार, लक्ष्मण को हमलावरों से बचाने के लिए मां हंजा देवी आगे आईं तो आरोपियों ने उन पर भी कुल्हाड़ी और लाठी से वार कर दिया। इससे उनके बाएं हाथ की तीन अंगुलियों और कमर में गंभीर चोटें आईं।

इसी दौरान गर्भवती पत्नी नीरू भी लक्ष्मण को बचाने के लिए पहुंची। आरोपियों ने उसे धक्का देकर नीचे गिरा दिया, जिससे उसे भी चोटें आईं। घर के बाहर मौजूद किशन को जब हमलावरों ने देखा तो वे उसकी ओर भी दौड़े, लेकिन वह किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला।

पांच आरोपी गिरफ्तार

वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हत्या के पीछे करीब एक साल पहले हुई लव मैरिज की रंजिश बताई जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।