जयपुर में लेन-देन विवाद में युवक की हत्या, वीडियो में जाने ठेकेदार से रुपए मांगने पहुंचे थे सचिन और दोस्त
राजस्थान की राजधानी जयपुर में रविवार रात एक युवक की सिर फोड़कर हत्या कर दी गई। घटना मुहाना थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक अपने दोस्त के साथ शराब पार्टी करने के बाद एक ठेकेदार से बकाया रुपए मांगने पहुंचा था। इसी दौरान हुए विवाद में सरिए से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचान सीकर जिले के नीमकाथाना निवासी सचिन वर्मा के रूप में हुई है। मुहाना थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए महात्मा गांधी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।मुहाना थाना अधिकारी मुकेश खरड़िया के अनुसार, सचिन महाराष्ट्र में टाइल्स लगाने का काम करता था। वह रविवार को जयपुर के रिंग रोड मुहाना इलाके में रहने वाले अपने दोस्त ऐपी से मिलने आया था। दिनभर बातचीत के बाद देर शाम सचिन और ऐपी ने घर पर शराब पार्टी की।
बताया जा रहा है कि शराब पार्टी के दौरान बातचीत में ऐपी ने सचिन को बताया कि ठेकेदार बुधराम टाइल्स लगाने के काम का भुगतान नहीं कर रहा है। इसके बाद दोनों ने ठेकेदार से रुपए मांगने जाने का फैसला किया।रात करीब 11 बजे सचिन और ऐपी अपने घर के पास रहने वाले ठेकेदार बुधराम के पास पहुंचे। वहां रुपए के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद ठेकेदार की ओर से सरिए से हमला किया गया, जिसमें सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया।
हमले के बाद सचिन को संभालने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी हालत गंभीर हो गई। बाद में उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद मुहाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हत्या के पीछे रुपए के लेन-देन का विवाद सामने आ रहा है। हालांकि, घटना की पूरी वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
घटना के बाद मृतक के परिवार को सूचना दे दी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश और घटनाक्रम से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।जयपुर में हुई इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोगों ने घटना को लेकर चिंता जताई है। पुलिस का कहना है कि मामले में जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
