जयपुर में बस स्टैंड से ढाई साल की बच्ची का अपहरण, 2 घंटे में पुलिस ने खोज निकाला: फुटेज में जाने यूपी के अलीगढ़ का आरोपी गिरफ्तार, पिता के साथ बस का इंतजार कर रही थी मासूम
जयपुर के सिंधी कैंप बस स्टैंड पर बुधवार देर रात ढाई साल की बच्ची के अपहरण का मामला सामने आया। बच्ची अपने पिता के साथ उत्तर प्रदेश जाने वाली बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान एक अनजान व्यक्ति से मुलाकात के बाद बच्ची अचानक गायब हो गई। पिता की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे में बच्ची को सुरक्षित खोज निकाला। मामले में उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी पप्पू जाटव को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी फिलहाल जयपुर के मुरलीपुरा इलाके में रह रहा था।
डीसीपी पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि बुधवार रात करीब 11:15 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सिंधी कैंप बस स्टैंड से ढाई साल की बच्ची के गायब होने की सूचना मिली थी। बच्ची की उम्र कम होने और अपहरण की आशंका को देखते हुए पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। तुरंत अलग-अलग टीमें गठित की गईं और बस स्टैंड के आसपास तलाश शुरू कर दी गई।
अजमेर से जयपुर आया था परिवार
पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के हाथरस निवासी मनोज कुमार अपनी ढाई साल की बेटी के साथ अजमेर से जयपुर आया था। उसे परिवार के साथ उत्तर प्रदेश जाना था। इसके लिए वह सिंधी कैंप बस स्टैंड पर यूपी जाने वाली बस का इंतजार कर रहा था।इसी दौरान बस स्टैंड पर उसकी मुलाकात एक अनजान व्यक्ति से हुई। कुछ समय बाद बच्ची दिखाई नहीं दी। पिता ने आसपास तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। बच्ची के अचानक गायब होने से परिवार घबरा गया और बस स्टैंड पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को मिला सुराग
सूचना मिलते ही पुलिस टीमों ने बस स्टैंड और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज में एक अनजान व्यक्ति बुजुर्ग महिला के साथ दिखाई दिया। पुलिस ने इस संदिग्ध गतिविधि को जांच का आधार बनाया।जांच में सामने आया कि वह व्यक्ति बुजुर्ग महिला को उत्तर प्रदेश जाने वाली बस में बैठाने के लिए बस स्टैंड आया था। इसके बाद पुलिस ने फुटेज के आधार पर व्यक्ति की पहचान और उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटानी शुरू की। बस स्टैंड पर आने-जाने वाले लोगों और बसों से संबंधित जानकारी भी खंगाली गई।
मुरलीपुरा में रह रहा था आरोपी
पुलिस की जांच में आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी पप्पू जाटव के रूप में हुई। वह वर्तमान में जयपुर के मुरलीपुरा इलाके में रह रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची के गायब होने की सूचना मिलने के करीब दो घंटे के भीतर पुलिस ने उसे खोज निकाला।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से सुरक्षित मिली मासूम
ढाई साल की बच्ची के अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर तेजी से कार्रवाई की। सिंधी कैंप जैसे व्यस्त बस स्टैंड पर बच्ची की तलाश करना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण था, क्योंकि यहां लगातार यात्रियों और वाहनों की आवाजाही रहती है।फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। बच्ची को किस मकसद से ले जाया गया था और घटना में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं, इन पहलुओं की जांच की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर बस स्टैंड और सार्वजनिक स्थानों पर छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
