जयपुर सिंधी कैंप बस स्टैंड पर ट्रैफिक इंस्पेक्टर पर रोडवेज ड्राइवर से मारपीट का आरोप, 2 घंटे तक ड्यूटी रूम में बंद रखा
जयपुर के सिंधी कैंप बस स्टैंड पर शुक्रवार सुबह रोडवेज बस के ड्राइवर के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। बस ड्राइवर सतवीर डागुर ने ट्रैफिक इंस्पेक्टर लोकेश चौधरी पर गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और थप्पड़ मारने का आरोप लगाया है। ड्राइवर का कहना है कि बस का टायर पंक्चर होने के कारण वह उसे ठीक कराने जा रहा था, लेकिन इंस्पेक्टर उस पर यात्रियों को बस में बैठाने का दबाव बना रहा था। आरोप है कि विवाद के बाद इंस्पेक्टर उसे ड्यूटी रूम में ले गया और करीब दो घंटे तक बंद रखकर मारपीट की।घटना शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है। मामले को लेकर कर्मचारी फेडरेशन ने विरोध जताया है और संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
आगरा जाने वाली बस का टायर था पंक्चर
ड्राइवर सतवीर डागुर के मुताबिक, शुक्रवार सुबह 7 बजे उसकी जयपुर से आगरा जाने वाली बस की ड्यूटी थी। बस का टायर पंक्चर था, इसलिए वह उसे ठीक कराने के लिए ले जा रहा था। इसी दौरान ट्रैफिक इंस्पेक्टर लोकेश चौधरी आगरा जाने वाले करीब 20 से 30 यात्रियों को बस में बैठाने के लिए गाड़ी के सामने खड़ा हो गया।ड्राइवर का आरोप है कि इंस्पेक्टर ने बस पर मुक्के मारे और उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। उस समय इंस्पेक्टर ने लोअर और टी-शर्ट पहन रखी थी, इसलिए सतवीर उसे पहचान नहीं पाया।
केबिन में घुसकर गिरेबान पकड़ा, थप्पड़ मारने का आरोप
सतवीर ने बताया कि विवाद के दौरान ट्रैफिक इंस्पेक्टर बस के केबिन में घुस आया। आरोप है कि उसने ड्राइवर का गिरेबान पकड़ लिया और धक्का-मुक्की करने लगा। इसके बाद जब सतवीर नीचे उतर रहा था तो उसे थप्पड़ भी मारा गया।ड्राइवर के अनुसार, उसने इंस्पेक्टर को बताया कि बस का टायर पंक्चर है और पहले उसे ठीक कराना जरूरी है। इसके बावजूद इंस्पेक्टर नहीं माना। आरोप है कि इसके बाद उसे पकड़कर ड्यूटी रूम ले जाया गया।
सुबह 9 बजे तक कमरे में बंद रखने का आरोप
सतवीर डागुर का आरोप है कि उसे सुबह करीब 9 बजे तक ड्यूटी रूम में बंद रखा गया। इस दौरान उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई। उसने यह भी आरोप लगाया कि बस कंडक्टर के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया।ड्राइवर के मुताबिक, वह केवल पंक्चर टायर ठीक कराने जा रहा था, लेकिन यात्रियों को बैठाने के दबाव में विवाद बढ़ गया। घटना के बाद रोडवेज कर्मचारियों में नाराजगी है।
कर्मचारी फेडरेशन ने जताया विरोध
मामले को लेकर कर्मचारी फेडरेशन ने विरोध दर्ज कराया है। फेडरेशन ने संबंधित ट्रैफिक इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि ड्यूटी के दौरान किसी कर्मचारी के साथ इस तरह का व्यवहार नहीं होना चाहिए।फिलहाल मामले में ड्राइवर की ओर से लगाए गए आरोपों के आधार पर कार्रवाई और संबंधित अधिकारी का पक्ष सामने आना बाकी है। घटना के बाद सिंधी कैंप बस स्टैंड पर रोडवेज कर्मचारियों के बीच नाराजगी का माहौल है।
