बालोतरा में डोडा-पोस्त तस्करी का 15 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, वीडियो में जाने एक साल से चल रहा था फरार
राजस्थान के बालोतरा जिले में आरजीटी थाना पुलिस ने डोडा-पोस्त तस्करी के मामले में एक साल से फरार चल रहे 15 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जूजाराम पुत्र जोराराम निवासी ढेलाणी नाडी, खारडी बेरी के रूप में हुई है। वह वर्ष 2025 में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामले में वांछित था। पुलिस ने आरोपी को उसके गांव से दबिश देकर पकड़ा। फिलहाल उससे मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और तस्करी से जुड़े नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा रही है।पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार कॉवत के अनुसार, जिले में वांछित और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे जूजाराम को पकड़ने के लिए कार्रवाई की।
एक साल से पुलिस को दे रहा था चकमा
पुलिस के मुताबिक, जूजाराम के खिलाफ वर्ष 2025 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद से वह फरार चल रहा था। पुलिस ने उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर कई बार दबिश दी, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आया।लगातार फरार रहने के कारण पुलिस ने उस पर 15 हजा रुप का इनाम घोषित किया था। इसके बाद भी उसकी तलाश जारी रही। पुलिस आरोपी की गतिविधियों और उसके संभावित ठिकानों पर नजर रख रही थी।
गांव आने की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरफूल सिंह और गुड़ामालानी के डीएसपी सुमेर सिंह के सुपरविजन में विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में डीएसटी प्रभारी ओमाराम और आरजीटी थानाधिकारी किशोरसिंह के नेतृत्व में पुलिसकर्मी शामिल थे।पुलिस टीम को सूचना मिली कि जूजाराम अपने गांव आया हुआ है। सूचना मिलने के बाद डीएसटी और आरजीटी थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को डिटेन किया। पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
तस्करी नेटवर्क को लेकर पूछताछ जारी
गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब आरोपी से अवैध डोडा-पोस्त की खरीद-फरोख्त के संबंध में पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी मादक पदार्थ कहां से लाता था और किन लोगों को इसकी सप्लाई करता था।इसके अलावा पुलिस सप्लायर नेटवर्क, तस्करी में शामिल अन्य व्यक्तियों और इस अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। जांच के दौरान यह भी पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि आरोपी के साथ इस मामले में अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और वांछित आरोपियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। जूजाराम की गिरफ्तारी को इसी अभियान के तहत की गई कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।
