Aapka Rajasthan

राजस्थान यूनिवर्सिटी में बड़ा हादसा टला, वीडियो में देंखे सेंट्रल लाइब्रेरी की छत का प्लास्टर छात्रों की बेंच पर गिरा, भड़के स्टूडेंट्स

राजस्थान यूनिवर्सिटी में बड़ा हादसा टला, वीडियो में देंखे सेंट्रल लाइब्रेरी की छत का प्लास्टर छात्रों की बेंच पर गिरा, भड़के स्टूडेंट्स
 
राजस्थान यूनिवर्सिटी में बड़ा हादसा टला, वीडियो में देंखे सेंट्रल लाइब्रेरी की छत का प्लास्टर छात्रों की बेंच पर गिरा, भड़के स्टूडेंट्स

राजस्थान की सबसे बड़ी यूनिवर्सिटी एक बार फिर अपनी बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर सवालों के घेरे में आ गई है। भीषण गर्मी के बीच जहां छात्र पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान हैं, वहीं अब यूनिवर्सिटी की सेंट्रल लाइब्रेरी में बड़ा हादसा होते-होते बच गया। बुधवार दोपहर लाइब्रेरी की छत का प्लास्टर अचानक टूटकर छात्रों की बेंच पर गिर पड़ा। राहत की बात यह रही कि घटना के समय वहां कोई छात्र मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। जानकारी के मुताबिक यह घटना बुधवार दोपहर करीब 3 बजे राजस्थान यूनिवर्सिटी की सेंट्रल लाइब्रेरी में हुई। लाइब्रेरी में पढ़ाई कर रहे छात्रों ने अचानक तेज आवाज सुनी, जिसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। जब छात्र मौके पर पहुंचे तो देखा कि छत का बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे बेंचों पर गिर चुका था।

घटना के बाद लाइब्रेरी में मौजूद छात्रों में दहशत फैल गई। छात्रों का कहना है कि यूनिवर्सिटी की कई इमारतें जर्जर हालत में हैं, लेकिन प्रशासन लगातार लापरवाही बरत रहा है। विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से लाइब्रेरी और अन्य भवनों की मरम्मत की मांग की जा रही थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।हादसे से नाराज छात्र सीधे लाइब्रेरी के एचओडी के कमरे में पहुंच गए और यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध जताया। छात्रों ने कहा कि यूनिवर्सिटी केवल फीस बढ़ाने और औपचारिक घोषणाओं तक सीमित रह गई है, जबकि मूलभूत सुविधाओं की हालत बेहद खराब है।

छात्रों का यह भी कहना है कि भीषण गर्मी के बावजूद कैंपस में पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। कई जगह वाटर कूलर खराब पड़े हैं और जहां पानी उपलब्ध है, वहां लंबी लाइनें लग रही हैं। ऐसे में छात्रों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अगर प्लास्टर गिरने के समय वहां छात्र बैठे होते तो गंभीर चोट लग सकती थी। इस घटना ने यूनिवर्सिटी की सुरक्षा व्यवस्था और भवनों की स्थिति पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

विरोध कर रहे छात्रों ने यूनिवर्सिटी प्रशासन से तुरंत भवनों की जांच कराने, मरम्मत करवाने और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं किया गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।हालांकि घटना के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से मौके का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और आवश्यक मरम्मत का काम जल्द शुरू होगा। लेकिन छात्रों का कहना है कि हर बार हादसे के बाद केवल आश्वासन दिए जाते हैं, जबकि जमीन पर कोई बदलाव नजर नहीं आता।

राजस्थान यूनिवर्सिटी प्रदेश की सबसे बड़ी और प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी मानी जाती है। यहां हजारों छात्र पढ़ाई करते हैं। ऐसे में लगातार सामने आ रही अव्यवस्थाएं प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।फिलहाल इस घटना के बाद छात्रों में नाराजगी का माहौल है और कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।