खाटूश्यामजी में आज से भव्य मेला शुरू! दूर-दूर से खचाखच भरी ट्रेनों में पहुंच रहे श्रद्धालु, परिसर में VIP दर्शन सेवा हुई बंद
हारे का सहारा कहे जाने वाले बाबा श्याम आज (मंगलवार) से सावन मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी पर अपना दो दिवसीय मेला मना रहे हैं। कल बुधवार को द्वादशी पर खीर चूरमे के भोग के साथ इसका समापन होगा। आज 5 लाख से ज़्यादा श्रद्धालु मौजूद रहेंगे। रींगस से खाटू धाम तक सिर्फ़ श्याम भक्त ही नज़र आ रहे हैं। दो दिनों तक वीआईपी दर्शन नहीं होंगे।
बाबा का हरियाली श्रृंगार किया गया
शुक्ल पक्ष की एकादशी पर श्री श्याम मंदिर समिति ने सावन मास की हरियाली की तरह बाबा श्याम का भव्य श्रृंगार किया है। हरियाली श्रृंगार में बाबा के दर्शन पाकर भक्तों के सारे दुःख-दर्द दूर हो जाते हैं। बाबा श्याम के भक्तों में ऐसी ही आस्था है। रींगस रेलवे स्टेशन पर श्याम भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है, सभी ट्रेनें खचाखच भरी आ रही हैं। रेलवे स्टेशन पर पैर रखने की भी जगह नहीं है।
बाबा श्याम के नाम के नारे लग रहे हैं
रींगस से खाटू धाम तक 17 किलोमीटर की दूरी तक श्याम भक्त नज़र आ रहे हैं। हाथों में भगवा ध्वज और मुख से बाबा श्याम का जयकारा लगाते हुए वे निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। श्री श्याम मंदिर समिति, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने दर्शन करने वाले श्याम भक्तों की सुरक्षा के लिए कड़े प्रबंध किए हैं।
मंदिर समिति के 300 से अधिक गार्ड तैनात किए गए हैं
मंदिर समिति के 300 से अधिक गार्ड तैनात किए गए हैं। पुलिस प्रशासन भी दिन-रात श्याम भक्तों की सेवा और सुरक्षा में लगा हुआ है। उपखंड अधिकारी मोनिका सिमौर लगातार व्यवस्थाओं पर नज़र रख रही हैं। खाटूश्यामजी थानाधिकारी पवन चौबे और मंदिर समिति के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने सभी दर्शनार्थियों से अपील की है कि वे साफ़-सफ़ाई का ध्यान रखें। शांतिपूर्वक बाबा के दर्शन करें।
सभी होटल और धर्मशालाएँ भरी हुई हैं
रींगस से लेकर खाटू श्याम तक सभी गेस्ट हाउस, होटल और धर्मशालाएँ श्याम भक्तों से भरी हुई हैं। हिंदू सनातन धर्म में सावन माह की एकादशी पर बाबा श्याम के दर्शन का एक अलग ही महत्व है। भक्तों का मानना है कि सावन माह की एकादशी का व्रत रखने और बाबा के दर्शन करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं और जीवन के दुख-दर्द दूर होते हैं।
